मीरजापुर में ट्रक ने साइकिल सवार छात्र समेत दो को कुचला, मौके पर मौत; हाईवे जाम
मीरजापुर के बामी गांव में ट्रक ने साइकिल सवार 12 वर्षीय छात्र समेत दो को कुचला, दोनों की मौत के बाद ग्रामीणों ने हाईवे जाम किया।

तस्वीर में मीरजापुर में सड़क हादसे के बाद हाईवे पर एकत्र लोगों की भीड़ नजर आ रही है।
मीरजापुर के लालगंज थाना क्षेत्र के बामी गांव में सोमवार सुबह वाराणसी-रीवा राष्ट्रीय मार्ग पर तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने साइकिल सवार 12 वर्षीय छात्र प्रियांशु और 55 वर्षीय शिवनाथ को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक घटनास्थल से करीब 200 मीटर आगे कर्बला के सामने ट्रक खड़ा कर फरार हो गया। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे पर चक्का जाम कर दिया, जिसे अधिकारियों ने करीब एक घंटे बाद समझा-बुझाकर समाप्त कराया।
लहंगपुर पुलिस चौकी अंतर्गत बामी गांव निवासी प्रियांशु और शिवनाथ सोमवार सुबह घर से शौच के लिए तुलसी नाला की तरफ गए थे। वहां से लौटते समय दोनों बामी स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास पहुंचे। इसी दौरान अचानक एक अनियंत्रित ट्रक पटरी पर चढ़ गया और साइकिल सवार शिवनाथ व प्रियांशु को कुचलते हुए आगे बढ़ गया।
पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने शोर मचाया तो ट्रक चालक घटनास्थल से करीब 200 मीटर आगे कर्बला के सामने ट्रक खड़ा कर फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के स्वजन मौके पर पहुंच गए। घटना में 12 वर्षीय छात्र समेत दो लोगों की मौत के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
लहंगपुर चौकी प्रभारी गुरु प्रसाद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हाईवे पर इकट्ठा भीड़ को नियंत्रित करते हुए शव कब्जे में लेने का प्रयास किया। इसी दौरान गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर लालगंज एसडीएम अजीत कुमार, सीओ अमर बहादुर, तहसीलदार विशाल शर्मा और इंस्पेक्टर वेद प्रकाश पाण्डेय मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया, जिसके करीब एक घंटे बाद जाम समाप्त हुआ और राष्ट्रीय मार्ग पर आवागमन फिर से शुरू हो सका।
परिजनों के अनुसार, प्रियांशु अपने पिता बालमुकुंद का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें हैं। वह अपने रिश्ते में लगने वाले बाबा शिवनाथ के साथ साइकिल से शौच के लिए घर से निकला था। शौच के बाद वापस लौटते समय हाईवे पर ट्रक ने दोनों को कुचल दिया।
शिवनाथ की दो पुत्रियां हैं। इनमें 20 वर्षीया रेखा और 18 वर्षीया करिश्मा शामिल हैं। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पांडे ने बताया कि ट्रक से कुचलने के कारण एक बच्चे समेत दो लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है

Santosh Giri
नाम: संतोष देव गिरि
वर्तमान पद: स्वतंत्र पत्रकार
कार्यक्षेत्र: मिर्ज़ापुर / सोनभद्र (विंध्याचल मंडल मुख्यालय), उत्तर प्रदेश
अनुभव: 20 से अधिक वर्ष (दो दशक से भी ज़्यादा)
बीट: जनसरोकार, जल-जंगल-जमीन, वन्यजीव, आदिवासी व वंचित समाज, कृषि, पर्यावरण, स्थानीय प्रशासन, राजनीति व अन्य प्रमुख विषय
परिचय
संतोष देव गिरि पिछले दो दशकों से अधिक समय से मीडिया के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। वर्तमान में वह स्वतंत्र रूप से जनसरोकार के मसलों पर लेखन और रिपोर्टिंग कर रहे हैं। उनका मुख्य ध्यान जल-जंगल-जमीन, वन्यजीव संरक्षण, आदिवासी व वंचित समाज के अधिकारों, कृषि तथा प्रकृति पर निर्भर लोगों की समस्याओं और मुद्दों पर रहता है। वह विंध्याचल मंडल (मिर्ज़ापुर और सोनभद्र) मुख्यालय से इन क्षेत्रों की विभिन्न गतिविधियों को कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
अपने लंबे पत्रकारिता सफर में वह देश के कई प्रमुख समाचार पत्रों और मीडिया संस्थानों के साथ कार्य कर चुके हैं:
- दैनिक जागरण
- हिंदुस्तान
- राष्ट्रीय सहारा
- सहारा समय
- दैनिक मान्यवर
- दैनिक भास्कर
- चौथी दुनिया
- हमवतन
- लोकमत
शैक्षणिक योग्यता
स्नातक (Graduate)
