मिर्जापुर: बंद सरकारी स्कूलों पर सपा ने मनाया शिक्षक दिवस, जताया विरोध
प्रदेश में बंद पड़े प्राथमिक विद्यालयों को फिर से शुरू कराने की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी ने विरोध दर्ज कराया और शिक्षकों को सम्मानित किया।

तस्वीर में प्राथमिक विद्यालय भवन के बाहर खड़े लोग पार्टी ध्वज लहराते हुए प्रदर्शन कर रहे हैं।
मिर्जापुर में बंद सरकारी स्कूलों को लेकर समाजवादी पार्टी ने शिक्षक दिवस पर अनोखा विरोध दर्ज कराया। पार्टी ने स्थानीय कचहरी मार्ग स्थित जिला कार्यालय लोहिया ट्रस्ट के साथ जनपद के बंद पड़े सरकारी स्कूलों पर शिक्षक दिवस मनाया और प्रख्यात शिक्षाविद, देश के पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
जिला कार्यालय पर समाजवादी शिक्षक सभा के तत्वावधान में आयोजित गोष्ठी की अध्यक्षता पार्टी के जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने की। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में छब्बीस हजार से अधिक सरकारी विद्यालयों का बंद किया जाना सरकार की शिक्षा विरोधी मानसिकता को उजागर करता है। उनके मुताबिक इसका असर गरीब, असहाय, वंचित और दलित तबके के बच्चों की शिक्षा पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अज्ञानता और अशिक्षा से ग्रस्त आम जनता महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक, शिक्षण संस्थाओं की कमी, खाद-बीज की किल्लत और विकास के मुद्दों पर सरकार से सवाल न कर सके, इसी दिशा में यह स्थिति पैदा की गई है।
कार्यक्रम के दौरान जनपद के पांच अध्यापकों को ‘समाजवादी शिक्षक रत्न’ उपाधि से विभूषित किया गया। उन्हें माल्यार्पण कर अंगवस्त्रम और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सिंह ने कहा कि पार्टी की ओर से पूरे प्रदेश में 5 सितंबर को बंद किए गए प्राथमिक विद्यालयों पर पूर्व राष्ट्रपति सर्वपल्ली डॉ. राधाकृष्णन की जयंती शिक्षक दिवस के रूप में मनाई गई है। इसी क्रम में मिर्जापुर जनपद की सभी विधानसभाओं में बंद पड़े विभिन्न विद्यालयों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने कहा कि वहां उपस्थित क्षेत्रीय जनों को आश्वस्त किया गया कि समाजवादी सरकार बनने पर इन बंद विद्यालयों को पुनः चालू कराने का कार्य किया जाएगा।
जिला कार्यालय पर आयोजित गोष्ठी का संचालन समाजवादी शिक्षक सभा के जिलाध्यक्ष डॉ. रतन सिंह पटेल ने किया। जनपद के अहरौरा, राजगढ़, सीखड़, चुनार, भरेहटा, नारायनपुर, जमालपुर, पटेहरा, हलिया, जिगना, चकचेहरा, रामपुर, मठखना, केशवपुर, चिल्ह, तिलठी तथा नगर के गजिया टोला, बूढ़े नाथ, नटवां, सुंदरघाट इत्यादि स्थानों पर भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इन कार्यक्रमों में पूर्व विधायक जगदम्बा सिंह पटेल, रामराज पटेल, आदर्श यादव, शिवशंकर सिंह यादव, गुलाब चंद्र यादव मुन्नी, अशोक यादव, आशीष यादव, परवेज खान, डॉ. शक्ति श्रीवास्तव, सतीश मिश्रा, डॉ. सुनील पटेल, संतोष गोयल, रंजीत फौजी, बलराम यादव, झल्लू यादव, शैलेश पटेल, सोकिम अहमद, सत्य प्रकाश यादव, राणा प्रताप सिंह, अनीस खान, रवि सोनकर, राकेश यादव, जाहिद अख्तर, राममिलन यादव, मेवा लाल प्रजापति, आशीष राय, अयान आलम, आकांक्षा यादव, वंदना गुप्ता, दिव्या, अभय यादव, राजकमल सिंह कसेरा और वीरेन्द्र यादव इत्यादि पार्टीजन शामिल रहे। बंद स्कूलों पर शिक्षक दिवस का आयोजन कर सपा ने शिक्षा व्यवस्था और विद्यालयों को पुनः संचालित कराने के मुद्दे को सामने रखा।

Santosh Giri
नाम: संतोष देव गिरि
वर्तमान पद: स्वतंत्र पत्रकार
कार्यक्षेत्र: मिर्ज़ापुर / सोनभद्र (विंध्याचल मंडल मुख्यालय), उत्तर प्रदेश
अनुभव: 20 से अधिक वर्ष (दो दशक से भी ज़्यादा)
बीट: जनसरोकार, जल-जंगल-जमीन, वन्यजीव, आदिवासी व वंचित समाज, कृषि, पर्यावरण, स्थानीय प्रशासन, राजनीति व अन्य प्रमुख विषय
परिचय
संतोष देव गिरि पिछले दो दशकों से अधिक समय से मीडिया के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। वर्तमान में वह स्वतंत्र रूप से जनसरोकार के मसलों पर लेखन और रिपोर्टिंग कर रहे हैं। उनका मुख्य ध्यान जल-जंगल-जमीन, वन्यजीव संरक्षण, आदिवासी व वंचित समाज के अधिकारों, कृषि तथा प्रकृति पर निर्भर लोगों की समस्याओं और मुद्दों पर रहता है। वह विंध्याचल मंडल (मिर्ज़ापुर और सोनभद्र) मुख्यालय से इन क्षेत्रों की विभिन्न गतिविधियों को कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
अपने लंबे पत्रकारिता सफर में वह देश के कई प्रमुख समाचार पत्रों और मीडिया संस्थानों के साथ कार्य कर चुके हैं:
- दैनिक जागरण
- हिंदुस्तान
- राष्ट्रीय सहारा
- सहारा समय
- दैनिक मान्यवर
- दैनिक भास्कर
- चौथी दुनिया
- हमवतन
- लोकमत
शैक्षणिक योग्यता
स्नातक (Graduate)
