मिर्जापुर के ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र में वाराणसी-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग 135 स्थित ड्रमंडगंज घाटी के बड़का मोड़ घुमान पर रविवार तड़के करीब 05 बजे गिट्टी लदे ट्रेलर का अचानक ब्रेक फेल हो गया। अनियंत्रित ट्रेलर ने बगल से गुजर रहे नारियल लदे पिकप वाहन को टक्कर मारते हुए आगे चल रहे मिर्च लदे ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में मध्य प्रदेश निवासी पिकप वाहन चालक रावेंद्र बसोर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रेलर और ट्रक चालक सहित तीन लोग घायल हो गए।

मध्यप्रदेश के सीधी जिले से गिट्टी लादकर बिहार के छपरा जिला जा रहा ट्रेलर जैसे ही ड्रमंडगंज घाटी के बड़का मोड़ घुमान पर पहुंचा, उसका ब्रेक फेल हो गया। इसके बाद ट्रेलर अनियंत्रित होकर बगल से गुजर रहे नारियल लदे पिकप वाहन से टकराया और फिर आगे चल रहे मिर्च लदे ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मिर्च लदा ट्रक और ट्रेलर अनियंत्रित होकर बड़का मोड़ घुमान पर पलट गए। हादसे में पिकप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

मध्य प्रदेश के रीवा जिले के गूढ़ थाना क्षेत्र के गूढ़ निवासी 36 वर्षीय पिकप वाहन चालक रावेंद्र बसोर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं कानपुर देहात जिले के राजपुर गांव निवासी 44 वर्षीय ट्रक चालक हाकिम सिंह के सिर में चोट आई है। गाजीपुर जिले के सादियाबाद थाना क्षेत्र के सराय गोकुल गांव निवासी 30 वर्षीय ट्रेलर चालक भैया लाल यादव के सिर, चेहरे और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। उसके साथ मौजूद गाजीपुर निवासी खलासी तारा यादव को सामान्य चोटें आई हैं।

घायल ट्रेलर चालक भैया लाल यादव को एनएचएआई की एंबुलेंस से उपचार के लिए सीएचसी लालगंज भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने गंभीर चोट को देखते हुए उसे मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया। हादसे में घायल ट्रक चालक हाकिम सिंह ने बताया कि वह तेलंगाना से मिर्च लादकर गोरखपुर जा रहा था। ड्रमंडगंज घाटी में गिट्टी लदे ट्रेलर ने पीछे से ट्रक में टक्कर मार दी, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर बड़का मोड़ पर पलट गया। टक्कर में उसके सिर में चोट आई। ट्रक में मौजूद खलासी अकबर निवासी वारंगल, तेलंगाना हादसे में बाल-बाल बच गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र हलिया में पुलिस ने उसका उपचार करवाया, जिसके बाद उसकी हालत सामान्य बताई गई।

सूचना पर प्रभारी निरीक्षक ड्रमंडगंज राजेश कुमार, एसआइ पुनीत गुप्ता, हेड कांस्टेबल घनश्याम यादव, इंद्रजीत यादव और कुलदीप कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना की जांच करते हुए घाटी में पलटे ट्रक और ट्रेलर को जेसीबी व क्रेन की मदद से राष्ट्रीय राजमार्ग से किनारे हटवाया। हादसे की सूचना मिलने पर मृतक पिकप वाहन चालक के परिजन भी थाने पहुंच गए।

मृतक पिकप वाहन चालक के भतीजे अनुज बसोर ने बताया कि उनके चाचा रावेंद्र रीवा से नारियल लादकर मीरजापुर जा रहे थे, इसी दौरान रास्ते में दुर्घटना का शिकार हो गए। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि गिट्टी लदे ट्रेलर का ब्रेक फेल होने से वह अनियंत्रित हो गया और उसकी चपेट में आने से मध्यप्रदेश निवासी पिकप वाहन चालक रावेंद्र बसोर की मौत हो गई। घटना में ट्रेलर चालक को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि ट्रक चालक के सिर में चोट आई है और उपचार के बाद उसकी हालत सामान्य है। पुलिस ने पिकप वाहन चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर पलटे वाहनों को हटाकर यातायात व्यवस्था बहाल करने की कार्रवाई की गई।

Updated On
Santosh Giri

Santosh Giri

नाम: संतोष देव गिरि

वर्तमान पद: स्वतंत्र पत्रकार

कार्यक्षेत्र: मिर्ज़ापुर / सोनभद्र (विंध्याचल मंडल मुख्यालय), उत्तर प्रदेश

अनुभव: 20 से अधिक वर्ष (दो दशक से भी ज़्यादा)

बीट: जनसरोकार, जल-जंगल-जमीन, वन्यजीव, आदिवासी व वंचित समाज, कृषि, पर्यावरण, स्थानीय प्रशासन, राजनीति व अन्य प्रमुख विषय

परिचय

संतोष देव गिरि पिछले दो दशकों से अधिक समय से मीडिया के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। वर्तमान में वह स्वतंत्र रूप से जनसरोकार के मसलों पर लेखन और रिपोर्टिंग कर रहे हैं। उनका मुख्य ध्यान जल-जंगल-जमीन, वन्यजीव संरक्षण, आदिवासी व वंचित समाज के अधिकारों, कृषि तथा प्रकृति पर निर्भर लोगों की समस्याओं और मुद्दों पर रहता है। वह विंध्याचल मंडल (मिर्ज़ापुर और सोनभद्र) मुख्यालय से इन क्षेत्रों की विभिन्न गतिविधियों को कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

अपने लंबे पत्रकारिता सफर में वह देश के कई प्रमुख समाचार पत्रों और मीडिया संस्थानों के साथ कार्य कर चुके हैं:

  • दैनिक जागरण
  • हिंदुस्तान
  • राष्ट्रीय सहारा
  • सहारा समय
  • दैनिक मान्यवर
  • दैनिक भास्कर
  • चौथी दुनिया
  • हमवतन
  • लोकमत

शैक्षणिक योग्यता

स्नातक (Graduate)

Next Story