मिर्जापुर में अधिवक्ताओं का उग्र प्रदर्शन, छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका
मिर्जापुर में अधिवक्ताओं ने छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन कर केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका। पेपर लीक की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग तेज हुई।

मिर्जापुर तहसील परिसर में केंद्रीय शिक्षा मंत्री का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर नारेबाजी करते हुए उपरौध समिति के अधिवक्ता।
मिर्जापुर में दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस लाठीचार्ज के खिलाफ विरोध की चिंगारी अब जिले के ग्रामीण अंचलों तक पहुंच गई है। गुरुवार को उपरौध अधिवक्ता समिति के बैनर तले अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में प्रदर्शन कर छात्रों की मांगें तत्काल स्वीकार करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई।
समिति के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में नारेबाजी करते हुए चक्रमण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रख रहे निहत्थे छात्रों पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन है। अधिवक्ताओं ने पेपर लीक की घटनाओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की भी मांग की।
चक्रमण के बाद अधिवक्ताओं ने तहसील गेट के सामने पुलिस को चकमा देकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। पुतला दहन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार और शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
प्रदर्शन में अरुण त्रिपाठी, अशोक मिश्रा, दिनेश कुमार मौर्य, गोविंद यादव, मिथिलेश सिंह, अनिल कुमार शुक्ला, गुलाब सिंह पटेल, धनेश्वर गौतम, भोलानाथ सुमन, सुरेश कुमार मिश्रा, कमलेश कुमार गौतम, प्रभुनाथ दुबे, नेबूलाल दुबे, संतोष कुमार मिश्रा सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। अधिवक्ताओं ने छात्रों की मांगों पर तत्काल कार्रवाई, पेपर लीक प्रकरण की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग दोहराते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
