उत्तर प्रदेश के मेरठ में सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस ने आतंकी गतिविधियों से जुड़े संदेह के आधार पर उजेद नाम के युवक को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान मेरठ के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बनियापाड़ा निवासी के रूप में हुई है। जांच एजेंसियों के अनुसार, उजेद के तार पाकिस्तान में बैठे हैंडलर शहजाद भट्टी से जुड़े होने की आशंका है। इसके अलावा वह जम्मू-कश्मीर में गिरफ्तार किए गए संदिग्ध मोहम्मद साजिद के भी संपर्क में था। गिरफ्तारी के बाद आईबी, एटीएस और इंटेलिजेंस की टीमों ने उससे कई घंटे तक पूछताछ कर उसकी गतिविधियों और संपर्कों से जुड़ी जानकारी जुटाई।

खुफिया सूत्रों के मुताबिक, उजेद पिछले करीब छह महीने से जम्मू-कश्मीर में पकड़े गए संदिग्ध मोहम्मद साजिद के ऑनलाइन संपर्क में था। जांच में सामने आया है कि साजिद सेना पर फिदायीन हमले की तैयारी को लेकर चर्चा करता था। उजेद भी सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन माध्यमों पर फिदायीन हमले को लेकर बातचीत करता था और खुद को इसके लिए तैयार बताता था। एजेंसियों को उसके पाकिस्तान के कई मोबाइल नंबरों के संपर्क में होने से जुड़े इनपुट भी मिले हैं।

इस मामले में उजेद का नाम सामने आने के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की थी। सूत्रों के अनुसार, संदिग्ध मोहम्मद साजिद से पूछताछ के दौरान उजेद के बारे में जानकारी मिली थी। इसके बाद जनवरी में जम्मू-कश्मीर पुलिस की एक टीम उसे गिरफ्तार करने के लिए मेरठ पहुंची थी, लेकिन उस समय वह नहीं मिला। कार्रवाई की भनक लगने पर उजेद और उसके परिवार के सदस्य घर पर ताला लगाकर फरार हो गए थे। परिजनों ने अपने मोबाइल नंबर भी बंद कर लिए थे। इसके बाद मेरठ पुलिस ने उजेद के घर पर नोटिस चस्पा कर उसे बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया था।

जांच में इस पूरे प्रकरण की अहम कड़ी मोहम्मद साजिद को माना जा रहा है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने 27 नवम्बर 2025 को जम्मू के बाहु फोर्ट थाना क्षेत्र से रियासी के जेडी पंदाल निवासी 19 वर्षीय मोहम्मद साजिद समेत दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया था। आरोपों के मुताबिक, साजिद युवाओं को कट्टरपंथ से जोड़ने और आतंकी गतिविधियों से संबंधित कड़ियों में शामिल था। उसके पाकिस्तान स्थित हैंडलर शहजाद भट्टी से संपर्क होने की बात भी सामने आई थी।

जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई थी कि साजिद जम्मू के बठिंडी क्षेत्र में रहकर नीट की तैयारी कर रहा था। उसके पिता असलम दिल्ली में सीआरपीएफ में तैनात हैं। साजिद से पूछताछ के दौरान उजेद का नाम सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उसकी गतिविधियों और संपर्कों पर नजर रखनी शुरू कर दी थी।

अब उजेद की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियां उसके ऑनलाइन संपर्कों, पाकिस्तान के मोबाइल नंबरों और शहजाद भट्टी से कथित संबंधों की पड़ताल कर रही हैं। सेना पर फिदायीन हमले की चर्चा और जम्मू-कश्मीर में गिरफ्तार संदिग्ध से जुड़े संपर्कों के कारण यह मामला सुरक्षा एजेंसियों की जांच के केंद्र में है।

Om Prakash Pal

Om Prakash Pal

नाम: ओम प्रकाश पाल

वर्तमान पद: स्वतंत्र पत्रकार, लेखक एवं स्तंभकार

कार्यक्षेत्र: नेशनल ब्यूरो (राष्ट्रीय स्तर)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, संसद, केंद्रीय मंत्रालय, कृषि, साहित्य, खेल एवं प्रशासन (बिजनेस को छोड़कर सभी विषयों पर कार्य)

पत्रकारिता अनुभव: लगभग 39 वर्ष

परिचय एवं अनुभव 

ओम प्रकाश पाल पिछले 39 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर नेशनल ब्यूरो में विशेष संवाददाता के रूप में लगभग 20 वर्षों तक संसद के दोनों सदनों (लोकसभा और राज्यसभा) की रिपोर्टिंग की है।

एक मान्यता प्राप्त पत्रकार के रूप में उन्होंने केंद्रीय गृह, रक्षा, रेलवे, सड़क परिवहन, श्रम एवं रोजगार, जलशक्ति और कृषि जैसे प्रमुख केंद्रीय मंत्रालयों को कवर किया है।

विभिन्न समाचार पत्रों में योगदान:

  • अमर उजाला एवं दैनिक जागरण: पत्रकारिता के शुरुआती वर्षों का अनुभव।
  • शाह टाइम्स: न्यूज़ एडिटर (News Editor) के पद पर सेवाएं।
  • हरिभूमि (दिल्ली): वरिष्ठ संवाददाता के रूप में कार्य।

राजनीति विज्ञान और कृषि विषयों के जानकार होने के साथ-साथ उन्होंने साहित्य और खेल के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कार्य किया है। वर्तमान में वह एक स्वतंत्र पत्रकार, लेखक और स्तंभकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता 

  • स्नातक (Graduate)
  • B.Ed (बैचलर ऑफ एजुकेशन)
  • पत्रकारिता में डिप्लोमा (Diploma in Journalism)
  • साहित्य रत्न
  • कृषि विशारद

Next Story