विख्यात कथा व्यास पंडित कृष्ण बिहारी तिवारी ‘टिंकू महाराज’ ने मां शारदा संगीत विद्यालय के संस्थापक एवं मैहर घराने के प्रतिष्ठित संगीत गुरु पंडित परशुराम पाठक से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर गुरु-शिष्य परंपरा, ज्ञान और संस्कारों के महत्व पर विचार साझा किए गए।

पंडित कृष्ण बिहारी तिवारी ने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए गुरु का मार्गदर्शन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अपने जीवन की उपलब्धियों का श्रेय गुरु कृपा को देते हुए कहा कि गुरुओं का आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी पूँजी है। उनके अनुसार, जो व्यक्ति गुरुमुख विद्या प्राप्त नहीं करता, उसके जीवन में भटकाव की संभावना बनी रहती है, इसलिए गुरु का सान्निध्य और आशीर्वाद सर्वोपरि है।

उन्होंने कहा कि समाज में ऐसे गुरुजन धरोहर और प्रेरणास्रोत हैं, जिन्होंने निस्वार्थ भाव से हजारों शिष्यों को शिक्षा एवं मार्गदर्शन प्रदान किया है। उनके शिष्य देश और विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर नाम रोशन कर रहे हैं। ऐसे गुरुओं का सम्मान और उनके योगदान का स्मरण समाज का दायित्व है।

कार्यक्रम के दौरान सितारवादक पंडित सरजू शरण पाठक, पंडित आयुष त्रिपाठी, शैलेन्द्र शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन ने गुरु-शिष्य परंपरा की महत्ता को रेखांकित करते हुए शिक्षा, संस्कार और समर्पण के मूल्यों को पुनः स्थापित करने का संदेश दिया।

Next Story