खुर्जा तहसील में भ्रष्टाचार के आरोपों पर भाकियू महाशक्ति का धरना जारी, 25 अक्टूबर को बड़े हवन का ऐलान
खुर्जा तहसील में कथित भ्रष्टाचार और सरकारी भूमि के दाखिल-खारिज में अनियमितताओं के आरोपों को लेकर भाकियू महाशक्ति का धरना जारी है। संगठन ने महिला आंदोलन तेज करने, रोज परिक्रमा लगाने और 25 अक्टूबर को बड़े हवन का ऐलान किया है।

खुर्जा तहसील में भ्रष्टाचार के विरोध में प्रदर्शन करते भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति के कार्यकर्ता।
खुर्जा तहसील में कथित भ्रष्टाचार, सरकारी चक मार्गों और सरकारी भूमि से जुड़े मामलों में अनियमितताओं के आरोपों को लेकर भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति का धरना जारी है। संगठन ने नायब तहसीलदार संदीप कुमार गौरव और तहसील प्रशासन पर सांठगांठ कर सरकारी चक मार्ग, सरकारी भूमि तथा अनुसूचित जाति (एससी) की भूमि को सामान्य वर्ग के लोगों के पक्ष में बिना अनुमति बैनामा होने के बाद मोटी रकम लेकर दाखिल-खारिज करने के आरोप लगाए हैं। इन मामलों सहित सैकड़ों समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर किसान संगठन के कार्यकर्ता तहसील परिसर में धरने पर बैठे हैं।
धरने के दौरान महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष ठाकुर संगीता सिंह ने कहा कि अब महिलाएं भी एकजुट होकर भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था की मांग को लेकर आंदोलन करेंगी। उन्होंने आंदोलन में महिला शक्ति की भागीदारी बढ़ाने की बात कही।
जिला अध्यक्ष चौधरी जितेंद्र सिरोही ने तहसील प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि तहसील प्रांगण अब भ्रष्टाचार का मंदिर बन चुका है। इसी विरोध के प्रतीक के रूप में सभी कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर की दो परिक्रमा लगाईं।
महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मंजू शुक्ला ने घोषणा की कि अब प्रतिदिन परिक्रमा की संख्या एक बढ़ाई जाएगी। इसके तहत हर दिन खुर्जा तहसील को भ्रष्टाचार का मंदिर बताते हुए उसकी परिक्रमा लगाई जाएगी। उन्होंने 25 अक्टूबर को भ्रष्टाचार के विरोध में बड़े हवन के आयोजन की भी घोषणा की।
धरने पर बैठे बुजुर्ग किसानों, मातृशक्ति, माताओं और बहनों की सुरक्षा को लेकर भी संगठन ने प्रशासन को चेतावनी दी। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि रात के समय धरने पर बैठे लोगों को किसी प्रकार की परेशानी होती है या सुरक्षा में कोई चूक होती है, तो इसकी जिम्मेदारी तहसील प्रशासन की होगी।
भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति के राष्ट्रीय महासचिव युवा अशोक सोलंकी और जिला मुख्य सचिव नरेंद्र सिंह जादौन ने कहा कि प्रदेश उपाध्यक्ष विष्णु दत्त त्यागी रात में भी अपनी पूरी टीम के साथ धरनास्थल पर उपस्थित रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक एक-एक समस्या का समाधान नहीं हो जाता, तब तक संगठन का धरना जारी रहेगा।
धरने में संगीता सिंह देशवाल, सोनाली सैनी, शबाना, नीलम चौधरी, मुन्नी देवी, नीतू शर्मा, पूजा जादौन, उषा चौधरी, पनवेश्वरी चौधरी, दीपक गुप्ता, डॉ. संदीप भाटी, भुट्टू प्रधान, राजेश उपाध्याय, नवाब भाई, दिनेश सोलंकी, चौधरी विक्रम सिंह और निर्देश चौहान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
खुर्जा तहसील में जारी इस धरने के दौरान भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति ने कथित भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की जांच और सभी लंबित समस्याओं के समाधान की मांग उठाई है। संगठन की ओर से 25 अक्टूबर को बड़े हवन की घोषणा के साथ आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया गया है।

अनूप शर्मा
नाम: अनूप शर्मा
पद: स्टाफ रिपोर्टर (Staff Reporter)
कार्यक्षेत्र: खुर्जा एवं आसपास का क्षेत्र (उत्तर प्रदेश)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (जनहित के मुद्दे, स्थानीय समाचार और सामाजिक विषय)
परिचय: अनूप शर्मा एक सक्रिय पत्रकार एवं लेखक हैं। वह जनहित से जुड़े मुद्दों, स्थानीय समाचारों और सामाजिक विषयों को प्रमुखता से अपनी पत्रकारिता के माध्यम से सामने रखते हैं। वर्तमान में वह खुर्जा और आसपास के क्षेत्र से समाचारों का संकलन एवं प्रकाशन करते हैं। निष्पक्षता और सामाजिक सरोकारों के साथ जमीनी खबरों को पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की मुख्य पहचान है।
पत्रकारिता का अनुभव: अनूप शर्मा को मीडिया और प्रिंट प्रकाशन में कार्य करने का अच्छा अनुभव है: UP Police Monitor Magazine: पिछले 4 वर्षों से मासिक पत्रिका में स्टाफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत। The हिंद न्यूज 24: वर्ष 2026 की शुरुआत से रिपोर्टर के पद पर कार्यरत। प्रातःकाल: सितंबर 2026 से निरंतर जुड़े हुए हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)वाणिज्य में स्नातकोत्तर (M.Com)
