खुर्जा। धर्मनगरी खुर्जा, जिसे छोटी काशी के नाम से भी जाना जाता है, में रविवार को छोटी होली स्थित ऐतिहासिक श्री गंगा मंदिर परिसर में श्री रामलीला कमेटी रजि., खुर्जा के तत्वावधान में श्री रामलीला महोत्सव-2026 का विधि-विधान के साथ शुभारंभ हुआ। भगवान श्रीराम एवं उनके अनुजों के जन्म और नामकरण प्रसंग के मंचन ने मंदिर परिसर को भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्वान आचार्य पंडित वेद प्रकाश शर्मा एवं पंडित प्रेम प्रकाश शर्मा के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार, हवन-पूजन और शंखनाद के साथ हुआ। इसके बाद मंच पर देववाणी (आकाशवाणी) का प्रभावशाली चित्रण किया गया।

भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के जन्म का प्रसंग आते ही मंदिर परिसर “भए प्रगट कृपाला, दीनदयाला, कौसल्या हितकारी” की चौपाई और जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। जन्मोत्सव के दौरान ढोल-नगाड़ों की थाप, बधाई गीतों और पुष्पवर्षा ने माहौल को उल्लासपूर्ण बना दिया। महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने बधाई गीतों पर नृत्य कर भगवान के जन्मोत्सव की खुशी मनाई।

इसके पश्चात चारों भाइयों के नामकरण संस्कार की लीला का मंचन किया गया। वैदिक ऋचाओं और मंत्रोच्चार के बीच कुलगुरु महर्षि वशिष्ठ द्वारा चारों राजकुमारों के नामकरण की लीला प्रस्तुत की गई। भगवान श्रीराम, भरत, लक्ष्मण और शत्रुघ्न के नामों की महिमा का वर्णन किया गया, जिसे देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

नामकरण प्रसंग के दौरान शंखध्वनि, घंटों के नाद और “जय श्रीराम” के गगनभेदी जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने भगवान के बाल स्वरूपों के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर श्री रामलीला कमेटी के प्रधान आशीष गोयल, महामंत्री पुनीत साहनी ‘विक्की’, कोषाध्यक्ष सचिन बंसल, जनरल मैनेजर दीपक गर्ग (पूर्व चेयरमैन), मंदिर इंचार्ज अशोक पालीवाल एवं सह मंदिर इंचार्ज अरुण गर्ग ने पूजन-अर्चन कर बाल स्वरूपों की आरती उतारी। पदाधिकारियों ने नगरवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं प्रचार-प्रसार में सोशल मीडिया प्रभारी विनीत आर्य तथा प्रिंट मीडिया प्रभारी रविकांत भारद्वाज का विशेष सहयोग रहा।

लीला के समापन पर भव्य महाआरती आयोजित की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान संदीप मित्तल, राजू रसिक, प्रियांशु रोहेला, समर्थ मित्तल, चुनमुन रसिक, अनिल सैनी, लबकेश कुमार भास्कर, शुभम गुप्ता, विकास वर्मा, विकास सोनी, विशाल वाधवा, मिंकू बिंदल, कृष्णा जौहरी, प्रमोद वर्मा, रवि अग्रवाल, ललित गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story