खेरवाड़ा में मॉडिफाइड वाहनों पर पुलिस का शिकंजा, 12 चालान कर वसूला जुर्माना
सड़क सुरक्षा अभियान के तहत खेरवाड़ा थाना पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला और वाहन जब्त किए।

सड़क सुरक्षा नियमों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने और वाहनों में किए जा रहे अवैध संशोधनों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से खेरवाड़ा पुलिस ने विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए मॉडिफाइड वाहनों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन पर कुल 12 चालान काटते हुए ₹6500 का जुर्माना वसूला।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिलेभर में 1 जून से 30 जून 2026 तक वाहनों के अवैध मॉडिफिकेशन, अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, प्रेशर हॉर्न, काली फिल्म, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट तथा पंजीयन चिन्ह की दृश्यता प्रभावित करने वाले अनधिकृत शब्दों, चिन्हों और लेखन के विरुद्ध विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत शुक्रवार को खेरवाड़ा थाना पुलिस ने थानाधिकारी करनाराम जाट के निर्देशन में व्यापक कार्रवाई को अंजाम दिया।
अभियान के दौरान पुलिस ने दो वाहनों से काली फिल्म हटवाई, जबकि एक वाहन पर लगे अवैध जंगले (गार्ड) को मौके पर हटवाया गया। इसके साथ ही मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने वाले पांच वाहन चालकों, अधिक सवारी बैठाने के तीन मामलों तथा आदेश की अवहेलना के एक प्रकरण में कार्रवाई करते हुए कुल 12 चालान बनाए गए।
पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन के साथ-साथ शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया। इस दौरान पांच चालकों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर उनके वाहन जब्त किए गए।
खेरवाड़ा थानाधिकारी करनाराम जाट ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने, वाहन चलाते समय सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील की। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध यह विशेष अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
