खेरवाड़ा को विकास की सौगात, 6 करोड़ की लागत से बनेंगी दो महत्वपूर्ण पुलिया
जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने गोदावरी महादेव मंदिर मार्ग और खुणादरी ग्राम संपर्क मार्ग के लिए 6 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति जल्द जारी करने की घोषणा की।

उदयपुर संभाग के खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र का एक ग्रामीण मार्ग जहां यातायात सुगमता और संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 6 करोड़ रुपये की लागत से दो नई पुलियाओं का निर्माण कराया जाएगा।
खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राज्य के जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने क्षेत्र के लिए 6 करोड़ रुपये की लागत से दो प्रमुख पुलियाओं के निर्माण की घोषणा की है। इस निर्णय से क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ-साथ ग्रामीणों और श्रद्धालुओं को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
मंत्री खराड़ी ने बताया कि प्रसिद्ध गोदावरी महादेव मंदिर मार्ग पर 4 करोड़ रुपये की लागत से पुलिया का निर्माण कराया जाएगा, जबकि खुणादरी ग्राम को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली सड़क पर 2 करोड़ रुपये की लागत से दूसरी पुलिया बनाई जाएगी। दोनों परियोजनाओं पर कुल 6 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे तथा इनके लिए वित्तीय स्वीकृति शीघ्र जारी कर दी जाएगी।
शुक्रवार को डूंगरपुर प्रवास के दौरान कोटड़ा जाते समय खेरवाड़ा में भाजपा पदाधिकारियों से मुलाकात करते हुए मंत्री खराड़ी ने यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि जनजाति क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा प्राथमिकता के आधार पर कार्य किए जा रहे हैं तथा इन क्षेत्रों में विकास योजनाओं पर सर्वाधिक बजट व्यय किया जा रहा है।
इस अवसर पर क्षेत्र के पूर्व विधायक नानालाल अहारी, पूर्व प्रधान अमृतलाल डामोर, भाजपा नेता पारस जैन, पूर्व उप प्रधान हल्लूराम डामोर सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे। खेरवाड़ा पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंत्री खराड़ी का स्वागत भी किया।
क्षेत्र में प्रस्तावित इन दोनों पुलियाओं के निर्माण को स्थानीय विकास और बेहतर संपर्क व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जिससे जनजातीय अंचल के लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने की संभावना है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
