खेमली क्षेत्र के धुणी मात इलाके में जेके लक्ष्मी सीमेंट फैक्ट्री से फैलने वाले दूषित पानी की समस्या को लेकर गुरुवार को ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया। लंबे समय से समस्या से जूझ रहे प्रशासक, उपसरपंच और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकजुट होकर फैक्ट्री के मुख्य गेट के बाहर धरने पर बैठ गए। इस दौरान ग्रामीणों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की और क्षेत्र में फैले प्रदूषण पर गहरी नाराजगी जताई।

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सीमेंट फैक्ट्री के कारण इलाके का भूजल और पर्यावरण बुरी तरह प्रभावित हो चुका है। उनका कहना था कि क्षेत्र का पानी इतना दूषित हो गया है कि वह पीने तो दूर, किसी भी घरेलू उपयोग के योग्य नहीं बचा है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से स्थानीय लोगों को न तो कोई बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और न ही पर्यावरण सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।

ग्रामीणों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि प्रबंधन की उदासीनता और मनमानी के कारण आम लोगों के स्वास्थ्य और जान के साथ खुला खिलवाड़ हो रहा है। उनका कहना है कि जहरीले और दूषित पानी के कारण क्षेत्र में गंभीर और घातक बीमारियां फैलने का खतरा लगातार बना हुआ है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डबोक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और धरने पर बैठे प्रशासक, उपसरपंच तथा आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे और फैक्ट्री प्रबंधन के जिम्मेदार उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर कायम रहे।

हंगामे और विरोध-प्रदर्शन के बाद फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से आश्वासन दिया गया कि आगामी 5 दिनों के भीतर इस गंभीर समस्या का पूरी तरह निवारण कर दिया जाएगा। इस दौरान प्रशासक नरेश मेघवाल ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्धारित 5 दिनों के भीतर दूषित पानी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो ग्रामीण फैक्ट्री के बाहर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठेंगे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story