अलीगंज में महान दल की हुंकार, केशव देव मौर्य ने भाजपा पर साधा निशाना
अलीगंज की जनसभा में महान दल अध्यक्ष केशव देव मौर्य ने भाजपा, सपा और बसपा पर अपनी राय रखी। उन्होंने अखिलेश यादव को पहली पसंद बताते हुए आरक्षण, जातिवाद, बुलडोजर कार्रवाई और माफिया नीति पर योगी सरकार को घेरा।

तस्वीर में महान दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव देव मौर्य अलीगंज में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए नजर आ रहे हैं।

अलीगंज। डीएवी इंटर कॉलेज के मैदान में गुरुवार को महान दल की ओर से आयोजित जनसभा में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव देव मौर्य ने आगामी चुनाव को लेकर भाजपा, सपा और बसपा की राजनीति पर अपनी राय रखी। आयोजकों ने सभा में हजारों लोगों के पहुंचने का दावा किया। शाक्य, कुशवाहा, सैनी और मौर्य समेत विभिन्न समाजों के लोगों की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने पार्टी के समर्थन में नारेबाजी की। सभा के दौरान केशव देव मौर्य ने महान दल की आगामी राजनीतिक दिशा भी स्पष्ट की।
केशव देव मौर्य ने कहा कि प्रदेश में अलग-अलग राजनीतिक दल अपने-अपने समाज को ध्यान में रखकर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि महान दल भगवान बुद्ध और सम्राट अशोक की नीतियों एवं विचारों को आधार मानकर सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने की बात करता है। पार्टी किसी एक समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि सर्वसमाज के हितों के लिए काम करने के उद्देश्य से आगे बढ़ रही है।
महान दल अध्यक्ष ने अपने राजनीतिक सफर और पार्टी के गठन का जिक्र करते हुए कहा, “महान दल ने समय-समय पर प्रदेश में रैलियां की हैं। पहले अलीगंज के लोग नाराज हो गए थे। हमारे समाज के लोगों से सरकारें बनी हैं। वर्ष 2007 तक बसपा को हमारे समाज ने वोट किया, लेकिन अन्याय और अत्याचार नहीं रुका। इसलिए मैंने महान दल बनाया।”
उन्होंने कहा, “मैं ताकतवर रहूंगा तो मेरे समाज के लोगों को अत्याचार नहीं झेलना पड़ेगा।” उन्होंने शाक्य, सैनी, कुशवाहा, मौर्य समेत अन्य छोटे समाजों को जोड़ने के मिशन पर काम करने की बात कही। केशव देव मौर्य ने कहा कि महान दल उन्होंने केवल विधायक या सांसद बनने के लिए नहीं बनाया है। उनका उद्देश्य समाज को राजनीतिक रूप से संगठित और मजबूत करना है।
आगामी विधानसभा चुनाव और संभावित गठबंधन को लेकर केशव देव मौर्य ने अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा, “आजकल गठबंधन का दौर है। अखिलेश यादव मेरी पहली पसंद हैं, बसपा दूसरी पसंद है, वहीं भाजपा नापसंद पार्टी है।”
उन्होंने अखिलेश यादव को पिछड़े और दलित समाज की राजनीति का मजबूत स्तंभ बताया। कहा, “यादव हमारे बड़े भाई हैं, समझदार हैं। दलित-पिछड़ों में सबसे पहले समझदारी आई। अखिलेश यादव पीडीए के मजबूत स्तंभ हैं। वह अगर ताकत में आएंगे तो पिछड़े और दलित समाज को ताकत मिलेगी।”
हालांकि शाक्य, मौर्य और कुशवाहा समाज को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को लेकर समाज को अपने राजनीतिक हितों को भी देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई राजनीतिक दल सभी समाजों को एक नजर से देखे तो स्थिति अलग हो सकती है।
केशव देव मौर्य ने प्रदेश में सभी राजनीतिक दलों पर जातिगत समीकरणों के आधार पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “सभी राजनीतिक पार्टियां जातिवाद कर रही हैं, चाहे सपा हो, बसपा हो या भाजपा। यह सच्चाई है।”
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि यदि शाक्य समाज के किसी व्यक्ति का यादव समाज के व्यक्ति से विवाद होता है या ब्राह्मण-क्षत्रिय समाज के किसी व्यक्ति से विवाद हो जाता है तो राजनीतिक दलों की प्रतिक्रिया अलग-अलग दिखाई देती है। इसी संदर्भ में उन्होंने हल्द्वानी की घटना का भी जिक्र किया और भाजपा की कार्रवाई पर सवाल उठाए।
महान दल अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर पिछड़े वर्ग के 27 प्रतिशत आरक्षण को लेकर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “हम लोग सामान्य में आ नहीं रहे और हमारे आरक्षण को दे नहीं रहे।” उन्होंने आरोप लगाया कि पिछड़े समाज को उसके अधिकार के अनुरूप अवसर नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि महान दल छोटे और पिछड़े समाजों को एकजुट कर उनके अधिकारों की आवाज उठाने का काम कर रहा है।
केशव देव मौर्य ने बिजनौर में प्रशांत सैनी नाम के युवक के साथ हुई घटना का जिक्र करते हुए सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा, “प्रशांत सैनी के ऊपर बर्बरता हुई। क्या वहां आरोपियों का एनकाउंटर हुआ? क्या वहां बुलडोजर चला? नहीं। आखिर क्यों?”
उन्होंने आरोप लगाया कि बुलडोजर कार्रवाई की नीति भी राजनीतिक और जातिगत आधार पर अलग-अलग दिखाई देती है। उन्होंने सरकार से सभी मामलों में समान कार्रवाई की मांग की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के माफिया मुक्त प्रदेश के दावे पर भी केशव देव मौर्य ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “योगी आदित्यनाथ जी कहते हैं कि प्रदेश को माफिया विहीन कर दिया। अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी माफिया थे, इसमें कोई दोहराव नहीं है। लेकिन क्या ब्रजेश सिंह माफिया नहीं हैं? क्या धनंजय सिंह माफिया नहीं हैं?”
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की माफिया नीति में समानता नहीं दिखाई देती। उन्होंने कहा कि कानून और कार्रवाई का पैमाना सभी लोगों के लिए एक जैसा होना चाहिए।
बसपा सुप्रीमो मायावती को लेकर केशव देव मौर्य ने कहा कि वह उन्हें प्रदेश के बेहतरीन नेताओं में मानते हैं। उन्होंने कहा, “बहन जी में एक दिक्कत है, वह आज की लड़ाई से कोसों दूर हैं।”
उन्होंने मायावती के शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय अधिकारी काम करते थे और शासन का प्रभाव दिखाई देता था। इसके बावजूद उन्होंने वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में बसपा को अपनी दूसरी पसंद बताया।
केशव देव मौर्य ने कहा कि महान दल की राजनीति किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने का अवसर मिला तो सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए काम किया जाएगा। समाज में भेदभाव और ऊंच-नीच की भावना समाप्त करने की दिशा में प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि महान दल शाक्य, सैनी, कुशवाहा, मौर्य समेत अन्य समाजों को जोड़कर राजनीतिक रूप से मजबूत करने के मिशन पर काम कर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने का आह्वान किया।
जनसभा में राष्ट्रीय अध्यक्ष के पुत्र किशन देव मौर्य, उनकी पत्नी सुमन शाक्य, प्रदेश महासचिव जयप्रकाश मौर्य, प्रदेश सचिव ठाकुर सुमित सिंह, राष्ट्रीय महासचिव पारस मौर्य, प्रदेश अध्यक्ष शिवकुमार यादव, राष्ट्रीय महासचिव पदम सिंह सैनी, जिलाध्यक्ष मनु शाक्य समेत पार्टी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Vikas Dube, Etah and Kasganj (Uttar pradesh)
विकास दुबे एटा और कासगंज जनपद में सक्रिय पत्रकार हैं, जो स्थानीय मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य, शिक्षा और अपराध से जुड़ी खबरों की गहन और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग करते हैं। ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को सरल एवं प्रभावशाली भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी विशेष पहचान है। जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सतत सक्रिय रहते हुए वे क्षेत्र की महत्वपूर्ण घटनाओं को प्रमुखता से सामने लाने का कार्य कर रहे हैं।
वर्तमान पद: संवाददाता / रिपोर्टर, प्रातःकाल
बीट (विस्तृत जानकारी):
- स्थानीय समाचार (एटा एवं कासगंज जनपद)
- प्रशासनिक गतिविधियां एवं सरकारी योजनाएं
- स्वास्थ्य विभाग और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की खबरें
- शिक्षा एवं विद्यालय संबंधी समाचार
- अपराध एवं पुलिस कार्यवाही
- सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दे
- व्यापारिक एवं बाजार गतिविधियां
कार्य क्षेत्र:
जिला एटा एवं कासगंज, उत्तर प्रदेश
अनुभव से जुड़ी जानकारी:
- क्षेत्रीय पत्रकारिता और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सक्रिय रिपोर्टिंग
- ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की घटनाओं की नियमित कवरेज
- 15 मई 2026 से प्रातःकाल के साथ जुड़े हुए हैं
- वर्तमान में दैनिक भास्कर ऐप डिजिटल, पब्लिक ऐप और एबीसी चैनल में रिपोर्टर हूं और टाइम्स ऑफ इंडिया के लिए इनपुट भेजता हूं।
शिक्षा से जुड़ी जानकारी:
स्नातक


