कटनी के मसंदा में मिला अज्ञात कंकाल, लापता पहलाद सिंह राजपूत की आशंका
कटनी के बाकल थाना क्षेत्र के मसंदा में अज्ञात कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। कपड़ों की पहचान लापता पहलाद सिंह के रूप में हुई है, लेकिन कंकाल की पुष्टि पोस्टमार्टम और डीएनए जांच के बाद होगी।

तस्वीर में पुलिस अधिकारी और ग्रामीण कटनी के बाकल थाना क्षेत्र के मसंदा गांव में घटनास्थल पर जांच-पड़ताल करते हुए नजर आ रहे हैं।
कटनी के बाकल थाना क्षेत्र के ग्राम मसंदा स्थित खिरका भटवा में अज्ञात व्यक्ति का कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के नेतृत्व में बाकल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर एफएसएल और डॉग स्क्वाड की टीम ने भी जांच की।
पुलिस को मौके पर सिर्फ हड्डियों का ढांचा मिला। कंकाल के पास से बरामद शर्ट और बनियान को देखकर मझौली निवासी लापता पहलाद सिंह राजपूत के परिजनों ने कपड़ों की पहचान पहलाद के रूप में की है। इसके बाद बरामद कंकाल के पहलाद सिंह राजपूत का होने की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि पहलाद सिंह राजपूत 2 अगस्त से लापता हैं। इस संबंध में बहोरीबंद थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज है। खास बात यह है कि पहलाद के मोबाइल की सिम भी कंकाल मिलने वाले स्थान से कुछ दूरी पर बरामद हुई थी। इन परिस्थितियों के चलते आशंका है कि मसंदा के खिरका भटवा से मिला कंकाल पहलाद सिंह का हो सकता है।
हालांकि, पुलिस ने अभी कंकाल की आधिकारिक पहचान की पुष्टि नहीं की है। कंकाल किसका है और यह कितने समय पुराना है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम, फोरेंसिक जांच और डीएनए टेस्ट के बाद ही हो सकेगा।
एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी ने बताया कि बाकल थाना क्षेत्र के मसंदा के पास एक अज्ञात व्यक्ति का कंकाल मिला है। कंकाल का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। फोरेंसिक रिपोर्ट और डीएनए जांच के बाद ही कंकाल की पहचान स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और सभी की निगाहें फोरेंसिक तथा डीएनए रिपोर्ट पर टिकी हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मसंदा के खिरका भटवा से मिला कंकाल लापता पहलाद सिंह राजपूत का है या किसी अन्य व्यक्ति का।

Vikas Dube, Etah and Kasganj (Uttar pradesh)
विकास दुबे एटा और कासगंज जनपद में सक्रिय पत्रकार हैं, जो स्थानीय मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य, शिक्षा और अपराध से जुड़ी खबरों की गहन और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग करते हैं। ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की जमीनी हकीकत को सरल एवं प्रभावशाली भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी विशेष पहचान है। जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सतत सक्रिय रहते हुए वे क्षेत्र की महत्वपूर्ण घटनाओं को प्रमुखता से सामने लाने का कार्य कर रहे हैं।
वर्तमान पद: संवाददाता / रिपोर्टर, प्रातःकाल
बीट (विस्तृत जानकारी):
- स्थानीय समाचार (एटा एवं कासगंज जनपद)
- प्रशासनिक गतिविधियां एवं सरकारी योजनाएं
- स्वास्थ्य विभाग और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की खबरें
- शिक्षा एवं विद्यालय संबंधी समाचार
- अपराध एवं पुलिस कार्यवाही
- सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दे
- व्यापारिक एवं बाजार गतिविधियां
कार्य क्षेत्र:
जिला एटा एवं कासगंज, उत्तर प्रदेश
अनुभव से जुड़ी जानकारी:
- क्षेत्रीय पत्रकारिता और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर सक्रिय रिपोर्टिंग
- ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की घटनाओं की नियमित कवरेज
- 15 मई 2026 से प्रातःकाल के साथ जुड़े हुए हैं
- वर्तमान में दैनिक भास्कर ऐप डिजिटल, पब्लिक ऐप और एबीसी चैनल में रिपोर्टर हूं और टाइम्स ऑफ इंडिया के लिए इनपुट भेजता हूं।
शिक्षा से जुड़ी जानकारी:
स्नातक
