Kanpur Dehat News: राशन वितरण में गड़बड़ी पर सिकंदरा तहसील पहुंचे फिरोजापुर के ग्रामीण
कोटेदार पर बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट लेकर राशन न देने और घटतौली का आरोप, SDM ने मामले में जांच के दिए निर्देश।

तस्वीर में सिकंदरा तहसील परिसर के बाहर हाथ उठाकर प्रदर्शन करते ग्रामीण दिख रहे हैं।
कानपुर देहात। सिकंदरा तहसील क्षेत्र के फिरोजापुर गांव के दो दर्जन से अधिक महिला-पुरुष ग्रामीण मंगलवार को करीब एक बजे तहसील परिसर पहुंचे। ग्रामीणों ने राशन कोटेदार दर्शनी देवी के खिलाफ शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि राशन कोटेदार पहले लाभार्थियों के फिंगर लगवा लेते हैं, लेकिन इसके बाद उन्हें राशन नहीं दिया जाता। इसके अलावा राशन वितरण में घटतौली करने और निर्धारित मात्रा से कम राशन देने का भी आरोप लगाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि कोटेदार की मनमानी के चलते पात्र लाभार्थियों को समय पर पूरा राशन नहीं मिल पा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि कोटेदार के खिलाफ इससे पहले भी उपजिलाधिकारी और जिलाधिकारी से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। कार्रवाई न होने से कोटेदार के हौसले बुलंद हैं और ग्रामीणों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने मांग की कि राशन की दुकान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर नए कोटेदार की नियुक्ति की जाए, जिससे पात्र लाभार्थियों को समय पर निर्धारित मात्रा में पूरा राशन मिल सके।
सिकंदरा उपजिलाधिकारी रिदम आनंद ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत सुनी गई है और मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अब ग्रामीणों की शिकायत पर होने वाली जांच की रिपोर्ट से राशन वितरण को लेकर लगाए गए आरोपों की स्थिति स्पष्ट होगी।

Sonu Singh, Kanpur(Uttar Pradesh)
पद: संवाददाता (प्रातकाल)
कार्यक्षेत्र: कानपुर देहात (उत्तर प्रदेश)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम (अपराध), और प्रशासन
परिचय
सोनू सिंह कानपुर देहात क्षेत्र के एक सक्रिय और अनुभवी पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातकाल' में संवाददाता के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सोनू सिंह मुख्य रूप से राजनीति, स्थानीय प्रशासन और आपराधिक मामलों (क्राइम) से जुड़ी खबरों को कवर करते हैं। कानपुर देहात की हर छोटी-बड़ी खबर और जनसरोकार के मुद्दों को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुंचाना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव
सोनू सिंह को मीडिया इंडस्ट्री का अच्छा अनुभव है। 'प्रातकाल' से पहले वह Live India TV के साथ भी काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और निष्पक्ष पत्रकारिता के जरिए अपनी एक खास पहचान बनाई।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
सोनू सिंह ने विज्ञान स्नातक (B.Sc.) की डिग्री हासिल की है। उनकी तार्किक सोच और शैक्षणिक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों का बारीकी से विश्लेषण करने में मदद करती है।
