मेहंदीघाट गंगा पुल हादसे में लापता युवक की तलाश पर हंगामा, 45 मिनट जाम के बाद पुलिस ने खुलवाया रास्ता
कन्नौज के मेहंदीघाट गंगा पुल हादसे में लापता युवक की तलाश को लेकर परिजनों ने 45 मिनट तक जाम लगाया। प्रशासन ने सर्च ऑपरेशन तेज करने का भरोसा दिया।

मेहंदीघाट पुल पर भीड़ और जाम का दृश्य, जहां मैदा लदा ट्रक गंगा नदी में गिरने के बाद परिजन प्रदर्शन कर रहे हैं।
कन्नौज के मेहंदीघाट गंगा पुल से गंगा नदी में गिरे मैदा लदे ट्रक में सवार लापता युवक की तलाश रविवार देर शाम तक पूरी नहीं हो सकी। रेस्क्यू अभियान में देरी का आरोप लगाते हुए परिजनों ने हरदोई-कन्नौज मार्ग पर मेहंदीघाट पुल पर जाम लगा दिया। करीब 45 मिनट तक चले प्रदर्शन के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने पहले प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विरोध जारी रहने पर हल्का बल प्रयोग कर जाम खुलवाया और यातायात बहाल कराया।
रविवार तड़के करीब चार बजे हरदोई से औरैया जा रहा मैदा से लदा ट्रक मेहंदीघाट गंगा पुल पर अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए गंगा नदी में गिर गया था। हादसे में श्रवण कुमार (36) निवासी गुरौली, बिलग्राम (हरदोई) और संगीत कुमार (44) निवासी सहार, थाना बेला (औरैया) को स्थानीय गोताखोरों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर कर दिया गया। वहीं ट्रक में सवार तीसरे युवक विनीत कुमार द्विवेदी निवासी गुरौली, बिलग्राम का देर शाम तक कोई सुराग नहीं लग सका।
परिजनों का आरोप था कि हादसे के कई घंटे बाद भी रेस्क्यू अभियान अपेक्षित गति से नहीं चलाया गया। इसी नाराजगी में उन्होंने पुल पर बैरिकेडिंग कर सड़क जाम कर दी। जाम के दौरान बसें, एंबुलेंस और अन्य वाहन फंस गए, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
गंगा और काली नदी के संगम क्षेत्र में बढ़े जलस्तर तथा तेज बहाव के कारण ट्रक तक पहुंचना और लापता युवक की तलाश करना प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है। एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय गोताखोर लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटे रहे, लेकिन देर शाम तक उन्हें सफलता नहीं मिल सकी।
देर शाम जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि सोमवार सुबह फिर से व्यापक स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा और सभी उपलब्ध संसाधनों की मदद से लापता युवक की तलाश तेज की जाएगी। समाचार लिखे जाने तक विनीत कुमार द्विवेदी का कोई पता नहीं चल सका था।
Meta Description

Chandra Prakash, Kannauj (Uttar Pradesh)
नाम: चन्द्र प्रकाश
पद: जिला संवाददाता (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: कन्नौज (उत्तर प्रदेश)
बीट (मुख्य विषय): क्राइम
विशेष रुचि: खोजी पत्रकारिता, राजनीतिक विश्लेषण और अपराध से जुड़ी खबरें
परिचय
चन्द्र प्रकाश उत्तर प्रदेश के इत्र नगरी कन्नौज क्षेत्र के एक ऊर्जावान और समर्पित डिजिटल पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' में जिला संवाददाता के रूप में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दे रहे हैं। चन्द्र प्रकाश मुख्य रूप से क्राइम (अपराध) और राजनीतिक मामलों की रिपोर्टिंग में गहरी रुचि रखते हैं। हालांकि, अपनी बहुमुखी प्रतिभा के कारण वह वर्तमान में कन्नौज जिले से जुड़ी हर छोटी-बड़ी और जनसरोकार की सभी प्रकार की खबरों को पूरी तत्परता से कवर कर रहे हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
चन्द्र प्रकाश को ग्राउंड रिपोर्टिंग और क्षेत्रीय पत्रकारिता का 5 वर्षों का एक मजबूत और सफल अनुभव है। पिछले आधा दशक से कन्नौज जिले में सक्रिय रहने के कारण स्थानीय मुद्दों, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और सामाजिक ताने-बाने पर उनकी बहुत अच्छी पकड़ है। वह निष्पक्षता के साथ जमीनी हकीकत को पाठकों के सामने लाने के लिए जाने जाते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
चन्द्र प्रकाश शैक्षणिक रूप से स्नातक (Graduate) हैं। उनकी उच्च शिक्षा और विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण उन्हें खबरों की गहराई तक जाने और घटनाओं का सटीक व निष्पक्ष विवरण प्रस्तुत करने में मदद करता है।
