ठठिया थाना क्षेत्र के भुन्ना ग्राम पंचायत में बृहस्पतिवार रात अज्ञात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली। वारदात का पता शुक्रवार सुबह चला, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी ने घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी, जिसके बाद डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम भी गांव पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लग गई।

जानकारी के अनुसार, भुन्ना ग्राम पंचायत निवासी वीरेंद्र चतुर्वेदी पुत्र रामानन्द तथा आलोक शुक्ला उर्फ मानू के घर को अज्ञात चोरों ने बृहस्पतिवार रात करीब एक बजे निशाना बनाया। चोर घरों में घुसकर लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर फरार हो गए। सुबह परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों मकानों का निरीक्षण किया, जहां चोरी के बाद सामान बिखरा पड़ा मिला। वीरेंद्र चतुर्वेदी के घर से चोरी किया गया बक्सा मकान के पीछे खाली अवस्था में बरामद हुआ।

आलोक शुक्ला उर्फ मानू ने बताया कि चोर उनके घर से दो सोने की चेन, चार सोने की अंगूठियां, तीन जोड़ी कान के झाले, टप्स, सुई-धागा, तीन जोड़ी तोड़ियां, एक जोड़ी पायल, चांदी की कमर पेटी तथा 23 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। उन्होंने बताया कि वह पशुपालन और दूध का व्यवसाय करते हैं तथा प्रतिमाह लगभग 50 से 60 हजार रुपये का दूध बिक्री करते हैं। बेटी की फीस जमा करने के लिए उन्होंने नकदी घर में रखी थी। उन्होंने बताया कि उनके मकान की सीढ़ी पर कोई दरवाजा नहीं है और मकान खेत के किनारे बना होने के कारण चोर आसानी से घर में प्रवेश कर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

वहीं वीरेंद्र चतुर्वेदी के पुत्र सत्यम चतुर्वेदी ने बताया कि चोर उनके घर से चार जोड़ी चांदी की पायल, दो सोने की अंगूठियां, मंगलसूत्र, तीन जोड़ी कान की बालियां, कान के झुमके, सोने की माला, सोने की जंजीर तथा नकदी चोरी कर ले गए। दोनों पीड़ितों ने ठठिया थाना प्रभारी को कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित प्रार्थना पत्र सौंप दिया है।

घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस, डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है तथा अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी हुई है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story