कन्नौज में कोतवाली पुलिस ने अंतरराज्यीय अवैध शराब तस्करी का बड़ा खुलासा करते हुए हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही करीब चार लाख रुपये कीमत की 43 पेटी हरियाणा मार्का शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से शराब से लदा एक पिकअप वाहन भी जब्त किया है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर शिल्पा वर्मा के पर्यवेक्षण तथा कोतवाली प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पाल चौराहा अंडरपास के पास मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस ने पिकअप वाहन (BR01GP0712) को रोककर उसकी तलाशी ली, जिसमें 24 पेटी रॉयल ग्रीन और 19 पेटी सिग्नेचर हरियाणा मार्का शराब बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल कुमार (19) निवासी चकेशो थाना महनार, जिला वैशाली (बिहार) तथा मनी कुमार (20) निवासी महुआ रामराय थाना महुआ, जिला वैशाली (बिहार) के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे हरियाणा से सस्ते दामों पर शराब खरीदकर बिहार ले जाते थे, जहां शराबबंदी के कारण उसे अधिक कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाते थे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध कोतवाली कन्नौज में आबकारी अधिनियम की धाराओं 60/63/72 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद अवैध शराब और पिकअप वाहन की जब्ती के साथ पुलिस की यह कार्रवाई अंतरराज्यीय शराब तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story