सौरिख में अंतर्जनपदीय बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, एक के पैर में गोली, नौ गिरफ्तार, दर्जनभर बाइक बरामद
कन्नौज के सौरिख में पुलिस और अंतर्जनपदीय बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। एक बदमाश घायल हुआ, नौ गिरफ्तार किए गए और दर्जनभर से अधिक चोरी की बाइक बरामद हुईं।

कन्नौज के हरिभानपुर में स्पोर्ट्स स्टेडियम के पास पुलिस बल घटना स्थल का निरीक्षण कर रहा है।
कन्नौज के सौरिख थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह हरिभानपुर गांव स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम के पास अंतर्जनपदीय बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से हुई फायरिंग के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मौके से नौ बदमाशों को हिरासत में लेने के साथ एक दर्जन से अधिक चोरी की बाइक और अन्य सामान भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह मुखबिर की सूचना पर पुलिस हरिभानपुर गांव के पास स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम के निकट पहुंची, जहां अंतर्जनपदीय बाइक चोर बदमाशों से आमना-सामना हो गया। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई।
घायल बदमाश को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मौके से नौ बदमाशों को हिरासत में लिया है। साथ ही एक दर्जन से अधिक चोरी की बाइक और अन्य सामान भी बरामद किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी छिबरामऊ सुरेश कुमार तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
