कन्नौज मेडिकल कॉलेज में मरीज से अभद्रता, आरोपी वार्ड बॉय पर होगी कार्रवाई
गुरसहायगंज निवासी तीमारदार ने वार्ड बॉय पर बुजुर्ग मां से गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगाया, अस्पताल प्रशासन ने दिया जांच का आश्वासन।

तस्वीर में कन्नौज के तिर्वा राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर के भीतर कई लोग और तीमारदार एक साथ खड़े होकर बातचीत करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
कन्नौज के तिर्वा राजकीय मेडिकल कॉलेज से सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। इलाज कराने आई एक बुजुर्ग महिला और उनके बेटे के साथ अस्पताल में तैनात वार्ड बॉय द्वारा कथित रूप से अभद्रता, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। मामले के सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने शिकायतों की पुष्टि करते हुए दोषी कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
जानकारी के अनुसार, गुरसहायगंज निवासी मोहम्मद बारिश अपनी बीमार और बुजुर्ग माँ को इलाज के लिए तिर्वा राजकीय मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि अस्पताल में तैनात वार्ड बॉय राजू पुत्र विश्राम ने इलाज के दौरान बुजुर्ग महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया। जब मोहम्मद बारिश ने अपनी माँ के सम्मान में विरोध किया और वार्ड बॉय को रोकने का प्रयास किया, तो आरोपी ने उनके साथ भी गाली-गलौज की तथा सरेआम जान से मारने की धमकी दे डाली।
इस घटना के बाद तिर्वा राजकीय मेडिकल कॉलेज की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों के साथ अभद्र व्यवहार की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं, जबकि इलाज के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है। ऐसे में यह भी सवाल खड़ा हो रहा है कि करोड़ों रुपये के बजट से संचालित इस सरकारी मेडिकल कॉलेज में मरीजों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी आखिर किसकी है तथा कर्मचारियों में कानून का भय क्यों नहीं दिखाई देता।
मामले ने तूल पकड़ने के बाद हमारी टीम ने मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल और सीएमएस (CMS) से जवाब मांगा। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने कैमरे पर स्वीकार किया कि कर्मचारियों द्वारा मरीजों के साथ अभद्रता की शिकायतें समय-समय पर मिलती रहती हैं। अधिकारियों ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और उच्च अधिकारियों से वार्ता कर दोषी कर्मचारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अब इस मामले में नजरें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि आरोपी वार्ड बॉय के खिलाफ केवल कागजी कार्रवाई की जाती है या फिर आरोपों के अनुरूप कठोर कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे सलाखों के पीछे भेजा जाता है। यह मामला सरकारी अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा, सम्मान और जवाबदेही से जुड़े गंभीर प्रश्न भी खड़ा करता है।

Chandra Prakash, Kannauj (Uttar Pradesh)
नाम: चन्द्र प्रकाश
पद: जिला संवाददाता (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: कन्नौज (उत्तर प्रदेश)
बीट (मुख्य विषय): क्राइम
विशेष रुचि: खोजी पत्रकारिता, राजनीतिक विश्लेषण और अपराध से जुड़ी खबरें
परिचय
चन्द्र प्रकाश उत्तर प्रदेश के इत्र नगरी कन्नौज क्षेत्र के एक ऊर्जावान और समर्पित डिजिटल पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' में जिला संवाददाता के रूप में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दे रहे हैं। चन्द्र प्रकाश मुख्य रूप से क्राइम (अपराध) और राजनीतिक मामलों की रिपोर्टिंग में गहरी रुचि रखते हैं। हालांकि, अपनी बहुमुखी प्रतिभा के कारण वह वर्तमान में कन्नौज जिले से जुड़ी हर छोटी-बड़ी और जनसरोकार की सभी प्रकार की खबरों को पूरी तत्परता से कवर कर रहे हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
चन्द्र प्रकाश को ग्राउंड रिपोर्टिंग और क्षेत्रीय पत्रकारिता का 5 वर्षों का एक मजबूत और सफल अनुभव है। पिछले आधा दशक से कन्नौज जिले में सक्रिय रहने के कारण स्थानीय मुद्दों, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और सामाजिक ताने-बाने पर उनकी बहुत अच्छी पकड़ है। वह निष्पक्षता के साथ जमीनी हकीकत को पाठकों के सामने लाने के लिए जाने जाते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
चन्द्र प्रकाश शैक्षणिक रूप से स्नातक (Graduate) हैं। उनकी उच्च शिक्षा और विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण उन्हें खबरों की गहराई तक जाने और घटनाओं का सटीक व निष्पक्ष विवरण प्रस्तुत करने में मदद करता है।
