कन्नौज में अवैध पटाखा निर्माण के दौरान ब्लास्ट, बुजुर्ग की मौत; चौकी प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मी निलंबित
कन्नौज के बहवलपुर में अवैध पटाखा निर्माण के दौरान ब्लास्ट में बुजुर्ग की मौत हुई। चौकी प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मी निलंबित किए गए।

तस्वीर में एक कमरे के अंदर रखे गए अवैध पटाखों के कई कार्टून दिखाई दे रहे हैं।
कन्नौज के छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के बहवलपुर गांव में अवैध रूप से पटाखा निर्माण के दौरान हुए विस्फोट में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चौकी प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक मंगलवार को करीब 11 बजे शिवकुमार सक्सेना के पक्के मकान के बगल में बने टीनशेड में अवैध रूप से फुलझड़ी और छोटे पटाखे बनाए जा रहे थे। इसी दौरान वहां काम कर रहे करीब 55 वर्षीय शिवकुमार चिक के बीड़ी पीने के दौरान आग लग गई और तेज धमाका हो गया। हादसे में शिवकुमार गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
विस्फोट के बाद पुलिस ने मौके से पटाखा निर्माण से संबंधित सामग्री और अन्य सामान कब्जे में लिया। मकान मालिक शिवकुमार सक्सेना को पुलिस हिरासत में लिया गया है। पुलिस की तहरीर पर विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं मृतक के पुत्र सूरज की तहरीर पर भी बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, इसी स्थान से पिछले वर्ष भी पटाखे बरामद हुए थे और मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बावजूद अवैध पटाखा निर्माण को लेकर प्रभावी चेकिंग और सत्यापन नहीं किया गया। पुलिस ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए चौकी प्रभारी रावेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल संदीप कुमार और कांस्टेबल अमित कुमार को निलंबित कर दिया है।
घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार और जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। क्षेत्रीय विधायक अर्चना पांडेय भी मौके पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों से अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल देने की अपील की।
हादसे के बाद अवैध पटाखा निर्माण से जुड़े मामले में पुलिस की पूर्व कार्रवाई और उसके बाद की चेकिंग व्यवस्था भी जांच के दायरे में आ गई है। मामले में दर्ज मुकदमों और पुलिसकर्मियों के निलंबन के बाद प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।

Chandra Prakash, Kannauj (Uttar Pradesh)
नाम: चन्द्र प्रकाश
पद: जिला संवाददाता (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: कन्नौज (उत्तर प्रदेश)
बीट (मुख्य विषय): क्राइम
विशेष रुचि: खोजी पत्रकारिता, राजनीतिक विश्लेषण और अपराध से जुड़ी खबरें
परिचय
चन्द्र प्रकाश उत्तर प्रदेश के इत्र नगरी कन्नौज क्षेत्र के एक ऊर्जावान और समर्पित डिजिटल पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' में जिला संवाददाता के रूप में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दे रहे हैं। चन्द्र प्रकाश मुख्य रूप से क्राइम (अपराध) और राजनीतिक मामलों की रिपोर्टिंग में गहरी रुचि रखते हैं। हालांकि, अपनी बहुमुखी प्रतिभा के कारण वह वर्तमान में कन्नौज जिले से जुड़ी हर छोटी-बड़ी और जनसरोकार की सभी प्रकार की खबरों को पूरी तत्परता से कवर कर रहे हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
चन्द्र प्रकाश को ग्राउंड रिपोर्टिंग और क्षेत्रीय पत्रकारिता का 5 वर्षों का एक मजबूत और सफल अनुभव है। पिछले आधा दशक से कन्नौज जिले में सक्रिय रहने के कारण स्थानीय मुद्दों, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और सामाजिक ताने-बाने पर उनकी बहुत अच्छी पकड़ है। वह निष्पक्षता के साथ जमीनी हकीकत को पाठकों के सामने लाने के लिए जाने जाते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
चन्द्र प्रकाश शैक्षणिक रूप से स्नातक (Graduate) हैं। उनकी उच्च शिक्षा और विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण उन्हें खबरों की गहराई तक जाने और घटनाओं का सटीक व निष्पक्ष विवरण प्रस्तुत करने में मदद करता है।
