कन्नौज में आर्मी की तैयारी कर रहे युवक को डीसीएम ने रौंदा, मौत के बाद सड़क जाम, परिजनों का हंगामा
कन्नौज के बछज्जापुर गांव में आर्मी की तैयारी कर रहे युवक की डीसीएम की टक्कर से मौत के बाद परिजनों ने शव उठाने से इनकार कर सड़क जाम कर दी। पुलिस मौके पर डटी है।

तस्वीर में बाईं ओर हादसे के बाद जमा ग्रामीण महिलाएं और दाईं ओर सड़क पर स्थिति नियंत्रित करती पुलिस बल नजर आ रही है।
कन्नौज के तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के बछज्जापुर गांव में आर्मी की तैयारी कर रहे एक युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। युवक दौड़ का अभ्यास कर रहा था, तभी तेज रफ्तार डीसीएम ने उसे टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया। नाराज परिजनों ने शव उठाने से इनकार कर दिया और सड़क पर जाम लगा दिया। करीब दो घंटे से सड़क पर जाम की स्थिति बनी हुई है, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
सूचना मिलते ही मौके पर तिर्वा, ठठिया और इंदरगढ़ थाना पुलिस पहुंच गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए क्षेत्राधिकारी (सीओ) तिर्वा भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास जारी है।
घटना के चलते क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पुलिस मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए है और परिजनों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास कर रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
