झांसी: चिरगांव में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत
सुल्तानपुर ओवरब्रिज के पास गिट्टी भरे ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, गोपालपुरा के चाचा-भतीजे की मौके पर ही मौत, चालक फरार।

झांसी के चिरगांव थाना क्षेत्र में सुल्तानपुर ओवरब्रिज के पास सड़क हादसे के बाद घटनास्थल पर जांच पड़ताल करती पुलिस और उपस्थित ग्रामीण।
झांसी/चिरगांव। झांसी के चिरगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत सुल्तानपुर ओवरब्रिज के पास शुक्रवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला कर रख दिया। तेज रफ्तार गिट्टी से भरे ट्रक ने बाइक सवार चाचा-भतीजे को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भयावह था कि ट्रक बाइक को करीब 100 मीटर तक घसीटता ले गया, जिससे दोनों शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए और सड़क पर मानव अवशेष दूर-दूर तक बिखर गए।
घटनाक्रम के अनुसार, ग्राम गोपालपुरा भेंवरा निवासी वीरपाल अहिरवार और सुमित अपनी बाइक से चिरगांव स्थित नई बस्ती में चल रहे अपने मकान के निर्माण कार्य की देखरेख के लिए आ रहे थे। रास्ते में पेट्रोल पंप से तेल डलवाने के बाद जैसे ही उन्होंने चिरगांव की ओर रुख किया और सड़क पर खड़े एक तिलक को क्रॉस करने का प्रयास किया, तभी झांसी की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद बाइक ट्रक के अगले पहिए में फंस गई, जिसके चलते दोनों युवक ट्रक के नीचे कुचलते चले गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
मार्ग से गुजर रहे राहगीरों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस और हाईवे एंबुलेंस 1033 को दी। सूचना पाकर चिरगांव थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। वरिष्ठ उप निरीक्षक आनंद सिंह ने यातायात सुचारू करवाया, वहीं हेड कांस्टेबल अशोक यादव ने संवेदनशीलता दिखाते हुए सड़क पर बिखरे शवों के अवशेषों को एकत्र कर पीएम किट में सुरक्षित किया। मौके पर टोल प्लाजा कर्मी अफसर अली और अशोक कुमार रजक ने बैरिकेडिंग कर यातायात नियंत्रित किया ताकि शवों को अन्य वाहनों से कुचलने से बचाया जा सके।
मृतक के पुत्र ने शिनाख्त करते हुए बताया कि वीरपाल अहिरवार उनके पिता थे और सुमित उनका भाई (रिश्ते में चाचा-भतीजे) था। दोनों खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे और वर्तमान में अपने निर्माणाधीन मकान पर मजदूरी व निगरानी हेतु आ रहे थे। घटनास्थल पर क्षेत्राधिकारी मोंठ अजय श्रोतिया, वरिष्ठ उप निरीक्षक आनंद सिंह, कांस्टेबल अवनीश कुमार और हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार द्विवेदी सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। यह रिपोर्ट चिरगांव झांसी से सोम मिश्रा और महेंद्र चौरसिया द्वारा प्रेषित की गई है।

