उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के बरसठी थाना क्षेत्र अंतर्गत बारिगांव हनुमाननगर में रविवार तड़के पारिवारिक विवाद के चलते एक वीभत्स घटना सामने आई है, जहां घर की छत पर सो रहे दो सगे भाइयों पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में घायल हुए दोनों भाई राज सिंह और उदय सिंह की हालत नाजुक बनी हुई है। आनंद सिंह के पुत्र 25 वर्षीय राज सिंह और 22 वर्षीय उदय सिंह शनिवार देर रात अपने घर की छत पर सो रहे थे, तभी तड़के करीब तीन बजे उन पर यह घातक हमला किया गया। हमले में राज सिंह के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि उदय सिंह के पैर पर कुल्हाड़ी से वार किया गया है। स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है।

परिजनों ने इस वारदात के पीछे उनके चाचा सुभाष सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बताया जा रहा है कि घर के तीन फीट चौड़े गलियारे में दीवार निर्माण को लेकर पिछले कई दिनों से दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। परिवार के बुजुर्ग लाल बहादुर सिंह द्वारा गलियारे की स्थिति यथावत रखने की सलाह देने के बावजूद विवाद लगातार बढ़ता गया और अंततः इसी रंजिश के चलते इस खूनी घटना को अंजाम दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही बरसठी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गांव में उपजे तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और पुलिस मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story