जौनपुर में महिलाओं और बच्चियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट की ओर से आयोजित 45 दिवसीय निशुल्क सौंदर्य प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन खुज्झी मोड़, डोभी स्थित निखार ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण केंद्र में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष मछलीशहर डॉ. अजय कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में ट्रस्ट की अध्यक्ष उर्वशी सिंह ने संस्था की ओर से महिलाओं और बच्चियों के लिए संचालित सामाजिक कार्यों की जानकारी दी। मुख्य अतिथि डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि महिलाओं और बच्चियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रशिक्षण देना पुनीत और सराहनीय कार्य है। उन्होंने ट्रस्ट के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए शासन-प्रशासन से ऐसे कार्यक्रमों में सहयोग दिलाने का भरोसा जताया।

45 दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों के बीच विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। बेस्ट मेकअप में गुंजन, बेस्ट हेयर कट में नेहा, हेयर डू में मोनी, बेस्ट स्किन में आंचल और एडवांस श्रेणी में स्नेहा ने बेहतर प्रदर्शन किया। अतिथियों ने सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में प्रशिक्षक सरोज गुप्ता, ज्योति कुमारी, ज्योति गुप्ता और डॉली मौर्या सहित ट्रस्ट के सदस्य मौजूद रहे। संचालन मीरा अग्रहरि ने किया, जबकि महासचिव राधिका सिंह ने आभार व्यक्त किया। कार्यशाला के समापन के साथ महिलाओं और बच्चियों को सौंदर्य प्रशिक्षण के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से चलाया गया यह प्रयास संपन्न हुआ।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story