सिकंदरा तहसील क्षेत्र के जटियापुर पावर हाउस से जुड़े खोजाफूल समेत करीब आधा दर्जन गांवों में पिछले 32 घंटे से विद्युत आपूर्ति ठप रहने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गईं। लगातार बिजली बंद रहने से ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति आक्रोश बढ़ता गया। पेयजल और घरेलू कामकाज प्रभावित होने से नाराज भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के कार्यकर्ता गुरुवार रात करीब 11 बजे जटियापुर पावर हाउस पहुंच गए और वहां हंगामा किया।

किसान यूनियन कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि विद्युत लाइन में फाल्ट होने के बावजूद समय रहते उसे ठीक नहीं किया गया, जिसके कारण करीब आधा दर्जन गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। कार्यकर्ताओं ने लाइनमैनों के खिलाफ नाराजगी जताते हुए विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

समस्या के समाधान के लिए कार्यकर्ताओं ने जेई और एसडीओ को फोन किया, लेकिन आरोप है कि दोनों अधिकारियों ने फोन रिसीव नहीं किया। इससे कार्यकर्ताओं में और नाराजगी बढ़ गई। इसके बाद उन्होंने पूरे मामले की शिकायत सिकंदरा उपजिलाधिकारी रिदम आनंद से की।

किसान यूनियन कार्यकर्ताओं का आरोप है कि लाइन में फाल्ट आने के बाद से ही विद्युत आपूर्ति बंद है, लेकिन लाइनमैनों की कथित लापरवाही के चलते समय रहते फाल्ट ठीक नहीं किया गया। बिजली आपूर्ति लंबे समय तक बंद रहने से गांवों में लोगों को पेयजल, घरेलू कामकाज समेत कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

शिकायत मिलने पर उपजिलाधिकारी रिदम आनंद ने किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं को जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद कार्यकर्ता वापस लौट गए। एसडीएम ने बताया कि जल्द ही विद्युत आपूर्ति शुरू कराई जाएगी। 32 घंटे से बिजली गुल रहने और ग्रामीणों की नाराजगी के बाद अब विद्युत आपूर्ति बहाल कराने को लेकर प्रशासन पर समाधान का दबाव है।

Sonu Singh, Kanpur(Uttar Pradesh)

Sonu Singh, Kanpur(Uttar Pradesh)

पद: संवाददाता (प्रातकाल)

कार्यक्षेत्र: कानपुर देहात (उत्तर प्रदेश)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम (अपराध), और प्रशासन

परिचय 

सोनू सिंह कानपुर देहात क्षेत्र के एक सक्रिय और अनुभवी पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातकाल' में संवाददाता के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सोनू सिंह मुख्य रूप से राजनीति, स्थानीय प्रशासन और आपराधिक मामलों (क्राइम) से जुड़ी खबरों को कवर करते हैं। कानपुर देहात की हर छोटी-बड़ी खबर और जनसरोकार के मुद्दों को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुंचाना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव 

सोनू सिंह को मीडिया इंडस्ट्री का अच्छा अनुभव है। 'प्रातकाल' से पहले वह Live India TV के साथ भी काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और निष्पक्ष पत्रकारिता के जरिए अपनी एक खास पहचान बनाई।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

सोनू सिंह ने विज्ञान स्नातक (B.Sc.) की डिग्री हासिल की है। उनकी तार्किक सोच और शैक्षणिक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों का बारीकी से विश्लेषण करने में मदद करती है।

Next Story