जसवंतनगर में इटावा-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-2) पर स्थित आगरा मोड़ पिछले लगभग छह महीने से अधूरे निर्माण कार्य के कारण लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। बरसात के चलते निर्माणाधीन हिस्से की मिट्टी कई स्थानों पर धंस गई है, जिससे सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं, लेकिन अधूरे निर्माण और सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण यहां हर समय किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य लंबे समय से ठप पड़ा हुआ है। सड़क संकरी होने और मिट्टी धंस जाने के कारण वाहन चालक मजबूरी में रॉन्ग साइड से निकल रहे हैं। इससे आमने-सामने की टक्कर का खतरा कई गुना बढ़ गया है। सुबह और दोपहर के समय, जब स्कूलों की छुट्टी होती है, बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, अभिभावक और राहगीर इसी मार्ग से गुजरते हैं। ऐसे में एक छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

निर्माण स्थल पर रात्रि के समय सुरक्षा इंतजामों की स्थिति भी चिंता का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यहां पर्याप्त रेडियम रिफ्लेक्टर नहीं लगाए गए हैं और न ही प्रभावी चेतावनी बोर्ड या बैरिकेडिंग की गई है। अंधेरे में तेज रफ्तार वाहन चालकों को सड़क की वास्तविक स्थिति का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। लोगों का कहना है कि कई बार वाहन गड्ढों में उतरने से बाल-बाल बच चुके हैं।

क्षेत्रवासियों ने बताया कि सड़क किनारे बने गहरे कटाव और धंसी हुई मिट्टी के कारण गोवंश और राहगीरों के गिरने का भी खतरा बना रहता है। उनका कहना है कि यदि समय रहते निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया और सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया तो किसी भी दिन बड़ा सड़क हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी की होगी।

ग्रामीणों और स्थानीय व्यापारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) तथा संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि आगरा मोड़ पर अधूरा निर्माण कार्य तत्काल पूरा कराया जाए। साथ ही रेडियम संकेतक, चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और रात्रिकालीन सुरक्षा के समुचित इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story