भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 59वीं वाहिनी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 बोरी यूरिया उर्वरक, 6 साइकिलें तथा चार नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सीमा चौकी बाधापुरवा और एपीएफ (नेपाल) के संयुक्त गश्ती दल ने अंजाम दी।

विश्वसनीय सूचना के आधार पर शुक्रवार दोपहर करीब 12:15 बजे भदा नदी के पास, सीमा स्तंभ संख्या 669/25 से लगभग 1.5 किलोमीटर भारतीय सीमा के भीतर संयुक्त गश्ती के दौरान जवानों ने छह लोगों को अवैध रूप से भारत से नेपाल की ओर यूरिया ले जाते हुए देखा। गश्ती दल को देखते ही सभी तस्कर यूरिया और साइकिलें छोड़कर भागने लगे।

जवानों ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही चार लोगों को पकड़ लिया, जबकि दो आरोपी फरार होने में सफल रहे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राम भरोस चौधरी (46), विकास थारू (25), अनिल कुमार थारू (30) और निरंजन थारू (21) के रूप में हुई है। सभी आरोपी नेपाल के निवासी हैं।

एसएसबी ने मौके से 17 बोरी यूरिया, जिनमें प्रत्येक बोरी का वजन 45 किलोग्राम है, तथा 6 साइकिलें बरामद कीं। बरामद सामान और गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क कार्यालय, मिहींपुरवा (बहराइच) को सौंप दिया गया है।

एसएसबी की 59वीं वाहिनी ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी और अन्य सीमा पार अपराधों की रोकथाम के लिए लगातार सतर्क निगरानी और संयुक्त अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि सीमा की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story