UP Panchayat Election 2026 : उत्तर प्रदेश में आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2026 से पहले चुनावी तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। इसी कड़ी में राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत चुनाव से जुड़ा एक अहम आदेश जारी किया है, जिससे प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। आयोग ने जिला निर्वाचन अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पंचायतों से जुड़े डाटा में पाई गई विसंगतियों को तत्काल दूर किया जाए, ताकि चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी और सुचारू रूप से संचालित हो सके।

डाटा में अंतर के बाद आयोग की कार्रवाई :

राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से सभी जिला मजिस्ट्रेट और जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) को इस संबंध में औपचारिक सूचना भेज दी गई है। आयोग की समीक्षा में यह सामने आया कि पंचायती राज विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए सदस्य ग्राम पंचायत और सदस्य क्षेत्र पंचायत के आंकड़ों में अंतर है, जबकि आयोग के पोर्टल पर जनपदों द्वारा फीड की गई जानकारी इससे मेल नहीं खा रही है।

इस विसंगति को गंभीरता से लेते हुए आयोग ने निर्देश दिया है कि संबंधित अधिकारी ग्राम पंचायत स्तर पर उपलब्ध सूचना का मिलान कर पोर्टल पर सही और शुद्ध विवरण दर्ज कराएं।

जिला निर्वाचन अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश :

आयोग के आदेश के अनुसार जिला निर्वाचन अधिकारियों को निम्नलिखित बिंदुओं पर कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी:

  • ग्राम पंचायत और सदस्य क्षेत्र पंचायत के विवरण का आपसी मिलान।
  • त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2026 के लिए परिसीमन के बाद उपलब्ध कराई गई सभी सूचनाओं का सत्यापन।
  • पंचायती राज विभाग की जानकारी और आयोग के पोर्टल पर दर्ज डाटा के बीच पाई गई भिन्नताओं को ठीक करना।
  • आयोग ने संबंधित निदेशक को भी निर्देश दिए हैं कि जनपद स्तर पर फीड की गई सूचनाओं को ग्राम पंचायत के आधिकारिक रिकॉर्ड से मिलान कर शुद्ध किया जाए।

डाटा शुद्धता पर जोर :

राज्य निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि डाटा की शुद्धता चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता के लिए अत्यंत आवश्यक है। किसी भी स्तर पर त्रुटिपूर्ण जानकारी न केवल चुनाव प्रबंधन को प्रभावित कर सकती है, बल्कि कानूनी और प्रशासनिक जटिलताएं भी पैदा कर सकती हैं। इसी कारण आयोग ने जल्द से जल्द सत्यापन पूरा करने और पोर्टल पर सही विवरण दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।

चुनावी सरगर्मियां तेज :

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में जल्द ही त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव कराए जाने हैं। राजनीतिक दलों ने अभी से अपनी रणनीति और तैयारियां शुरू कर दी हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि ये चुनाव अप्रैल–मई 2026 के दौरान संपन्न कराए जा सकते हैं और पूरी चुनावी प्रक्रिया लगभग दो महीनों में पूरी होगी। ऐसे में राज्य निर्वाचन आयोग का यह आदेश आने वाले पंचायत चुनावों की दिशा और दशा तय करने में अहम भूमिका निभाने वाला माना जा रहा है।

Ashiti Joil

Ashiti Joil

यह प्रातःकाल में कंटेंट रायटर अँड एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। यह गए 3 सालों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इन्होंने लोकसत्ता, टाईम महाराष्ट्र, PR और हैट मीडिया में सोशल मीडिया कंटेंट रायटर के तौर पर काम किया है। इन्होंने मराठी साहित्य में मास्टर डिग्री पूर्ण कि है और अभी ये यूनिवर्सिटी के गरवारे इंस्टीट्यूड में PGDMM (Marthi Journalism) कर रही है। यह अब राजकरण, बिजनेस , टेक्नोलॉजी , मनोरंजन और क्रीड़ा इनके समाचार बनती हैं।

Next Story