अवैध मिट्टी खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, एक जेसीबी मशीन जब्त
नगला छैया और वीर नगर क्षेत्र में तहसीलदार के नेतृत्व में रात को हुई छापेमारी, प्रशासनिक टीम को देखकर ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर फरार।

नगला छैया और वीर नगर क्षेत्र में शनिवार देर रात अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ की गई छापेमारी के बाद प्रशासनिक टीम के साथ जब्त की गई जेसीबी मशीन।
तहसील क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ प्रशासन ने शनिवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन माफियाओं पर शिकंजा कस दिया। नगला छैया और वीर नगर क्षेत्र में तहसीलदार संदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने करीब रात 12:30 बजे अचानक छापेमारी कर अवैध खनन कार्य में लगी एक जेसीबी मशीन को मौके से जब्त कर लिया, जबकि ट्रैक्टर चालक प्रशासनिक कार्रवाई की भनक लगते ही वाहन लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र में लंबे समय से अवैध मिट्टी खनन की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने गोपनीय रणनीति के तहत अभियान चलाया। देर रात की गई इस अचानक कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और खनन कार्य में लगे लोग प्रशासनिक टीम को देखते ही इधर-उधर भागते नजर आए।
प्रशासन ने मौके से अवैध खनन में प्रयुक्त जेसीबी मशीन को कब्जे में लेकर उसे जब्त कर लिया है तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। वहीं फरार हुए ट्रैक्टर चालकों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
जिलाधिकारी अरविंद सिंह के निर्देशन में जिलेभर में अवैध खनन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विशेष रूप से रात के समय निगरानी और अधिक सख्त की गई है, ताकि अवैध मिट्टी खनन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
तहसीलदार संदीप सिंह ने स्पष्ट कहा कि अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसमें शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध खनन करने वालों में भय का माहौल देखा जा रहा है। यह कार्रवाई प्रशासन की सख्ती और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
