हापुड़ के बदनौली गांव के चर्चित दीपक हत्याकांड में आरोपियों की न्यायालय में पेशी को लेकर बृहस्पतिवार को कचहरी परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। संवेदनशील मामले को देखते हुए हापुड़ न्यायालय परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस प्रशासन ने पेशी के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह सतर्क रखा है।

दीपक हत्याकांड को लेकर गांव में पहले से तनाव और विवाद की स्थिति रही है। इसी पृष्ठभूमि को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन इस बार सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरत रहा है। कचहरी परिसर और उसके आसपास बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। न्यायालय आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति पर नजर रखी जा रही है, ताकि आरोपियों की पेशी के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।

इस दौरान कोतवाली नगर प्रभारी सुरेश कुमार स्वयं भारी पुलिस बल के साथ कचहरी परिसर में मौजूद रहे। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी के बीच पूरे परिसर की निगरानी की।

हत्याकांड में नामजद कई मुख्य आरोपियों को बृहस्पतिवार को न्यायालय में पेश किया जाना है। जिन आरोपियों की पेशी की सूचना है, उनमें जितेंद्र चौधरी, संदीप चौधरी, जगदीप, सचिन, पेरिस, भूपेंद्र और कपिल शामिल हैं। इसके अलावा मामले में दो नाबालिगों (अपचारियों) को भी न्यायालय में पेश किए जाने की जानकारी मिल रही है। आरोपियों की पेशी को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

दरअसल, बदनौली गांव में बीते 4 अगस्त को दो पक्षों के बीच किसी विवाद को लेकर हिंसक झड़प हो गई थी। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव और फायरिंग हुई थी, जिससे गांव में तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई थी। इसी फायरिंग के दौरान दीपक नामक युवक को गोली लग गई थी। गंभीर रूप से घायल दीपक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

दीपक की मौत के बाद पुलिस ने मामले को हत्या के मुकदमे में तब्दील कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की थी। अब इस चर्चित हत्याकांड के आरोपियों की न्यायालय में पेशी के मद्देनजर हापुड़ कचहरी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संवेदनशील मामले में भारी पुलिस बल की मौजूदगी और अधिकारियों की निगरानी के बीच पूरे परिसर में सतर्कता बरती जा रही है।

Sunil Giri

Sunil Giri

नाम: सुनील गिरि

वर्तमान पद: जिला संवाददाता

कार्यक्षेत्र: हापुड़ (उत्तर प्रदेश)

बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति एवं जिला स्तर की सभी बीट

विशेषज्ञता: राजनीतिक विश्लेषण, अपराध संबंधी कवरेज और जिला स्तरीय रिपोर्टिंग

परिचय 

सुनील गिरि उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह हापुड़ से जिला संवाददाता के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सुनील गिरि मुख्य रूप से राजनीति और क्राइम (अपराध) से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। राजनीतिक विषयों पर सटीक विश्लेषण करने के साथ-साथ वह जिले की हर छोटी-बड़ी गतिविधि और जनसरोकार के सभी मुद्दों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

सुनील गिरि को टीवी, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 2002 से (20 से अधिक वर्षों का) लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह निम्नलिखित प्रमुख मीडिया संस्थानों व न्यूज़ चैनलों के साथ जुड़कर अपनी सेवाएं दे रहे हैं:

  • पंजाब केसरी टीवी
  • इंडिया डेली 24×7 न्यूज़ चैनल
  • MH1 न्यूज़ चैनल
  • रॉयल न्यूज़ (वेबसाइट)
  • इंडिया पब्लिक खबर (वेबसाइट)

शैक्षणिक योग्यता

उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं (12th Pass) तक पूरी की है। दो दशकों से अधिक समय से हापुड़ जिले में लगातार सक्रिय रहने के कारण क्षेत्र की सामाजिक, प्रशासनिक और राजनीतिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव बहुत गहरा है।

Next Story