हापुड़ में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, कटवाने और व्यक्तिगत विवरण में संशोधन कराने के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 शुरू हो रहा है। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के इस अभियान के तहत नागरिकों को अपने मतदाता पहचान पत्र और मतदाता सूची से जुड़ी त्रुटियां दूर कराने का अवसर मिलेगा। अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर 17 नवंबर 2026 से 16 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची से संबंधित दावे और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कविता मीना ने बताया कि पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान आमजन की सुविधा के लिए चार विशेष अभियान तिथियां निर्धारित की गई हैं। इसके तहत 21 नवंबर 2026 (शनिवार), 22 नवंबर 2026 (रविवार), 28 नवंबर 2026 (शनिवार) और 29 नवंबर 2026 (रविवार) को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे।

इन चारों दिनों में प्रत्येक पोलिंग बूथ पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) सुबह 10:00 बजे से शाम 04:00 बजे तक उपस्थित रहेंगे। इस दौरान बीएलओ के पास 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित मतदाता सूची, उसकी पूरक सूचियां और पर्याप्त मात्रा में आवेदन फॉर्म उपलब्ध रहेंगे, ताकि नागरिक अपनी जरूरत के अनुसार आवेदन कर सकें।

मतदाता सूची में नया नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 भरना होगा। सूची से किसी नाम को हटवाने के लिए फॉर्म-7 और मतदाता पहचान पत्र में नाम, पता अथवा अन्य विवरण में संशोधन कराने के लिए फॉर्म-8 का इस्तेमाल किया जाएगा।

नया नाम जुड़वाने के इच्छुक आवेदकों को विशेष कैंप में नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो के साथ जन्मतिथि और निवास प्रमाण पत्र की स्व-प्रमाणित फोटोकॉपी लेकर पहुंचना होगा। इसके अतिरिक्त, यदि परिवार के किसी अन्य सदस्य का वोटर आईडी कार्ड बना हुआ है, तो उसका नंबर भी साथ रखना होगा।

मतदाता सूची में नाम की जांच और आवेदन की प्रक्रिया के लिए प्रशासन ने ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध कराई है। नागरिक अपना नाम electoralsearch.eci.gov.in पोर्टल पर जाकर जांच सकते हैं। वहीं, ऑनलाइन आवेदन करने के लिए voters.eci.gov.in पोर्टल का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा गूगल प्ले स्टोर से ECINET और Voter Helpline App डाउनलोड करके भी आवेदन किया जा सकता है।

प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि ऑनलाइन फॉर्म-6 भरते समय आवेदक अपना नाम, मोबाइल नंबर, पिन कोड और पूरा पता सही-सही दर्ज करें। आवेदन के साथ स्पष्ट दस्तावेज और फोटो अपलोड करना भी जरूरी होगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी कविता मीना ने हापुड़ के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना और परिवार के अन्य सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी का नाम सूची से छूटा हुआ है या किसी विवरण में सुधार की आवश्यकता है, तो निर्धारित फॉर्म भरकर बीएलओ के पास जमा करें और उसकी रसीद जरूर प्राप्त करें। उन्होंने नागरिकों से अपने रिश्तेदारों, दोस्तों और पड़ोसियों को भी इस अभियान के प्रति जागरूक करने की अपील की है। 17 नवंबर 2026 से 16 दिसंबर 2026 तक चलने वाली यह प्रक्रिया मतदाता सूची को अपडेट कराने और पात्र नागरिकों के नाम दर्ज कराने का अवसर प्रदान करेगी।

Sunil Giri

Sunil Giri

नाम: सुनील गिरि

वर्तमान पद: जिला संवाददाता

कार्यक्षेत्र: हापुड़ (उत्तर प्रदेश)

बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति एवं जिला स्तर की सभी बीट

विशेषज्ञता: राजनीतिक विश्लेषण, अपराध संबंधी कवरेज और जिला स्तरीय रिपोर्टिंग

परिचय 

सुनील गिरि उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह हापुड़ से जिला संवाददाता के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सुनील गिरि मुख्य रूप से राजनीति और क्राइम (अपराध) से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। राजनीतिक विषयों पर सटीक विश्लेषण करने के साथ-साथ वह जिले की हर छोटी-बड़ी गतिविधि और जनसरोकार के सभी मुद्दों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

सुनील गिरि को टीवी, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 2002 से (20 से अधिक वर्षों का) लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह निम्नलिखित प्रमुख मीडिया संस्थानों व न्यूज़ चैनलों के साथ जुड़कर अपनी सेवाएं दे रहे हैं:

  • पंजाब केसरी टीवी
  • इंडिया डेली 24×7 न्यूज़ चैनल
  • MH1 न्यूज़ चैनल
  • रॉयल न्यूज़ (वेबसाइट)
  • इंडिया पब्लिक खबर (वेबसाइट)

शैक्षणिक योग्यता

उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं (12th Pass) तक पूरी की है। दो दशकों से अधिक समय से हापुड़ जिले में लगातार सक्रिय रहने के कारण क्षेत्र की सामाजिक, प्रशासनिक और राजनीतिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव बहुत गहरा है।

Next Story