हापुड़ जिले में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन की पुलिस प्रशासन के साथ तीखी नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सांसद दो दिन पहले हुए दीपक हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे थे। पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की, जिसके बाद मौके पर तैनात पिलखुवा के सीओ मुनीश चंद्र के साथ उनकी तीखी बहस हो गई।

जानकारी के मुताबिक, हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में दो दिन पूर्व दीपक नामक युवक की हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद इलाके में तनाव और शोक का माहौल है। इसी सिलसिले में पीड़ित परिवार को सांत्वना देने, न्याय का भरोसा दिलाने और आर्थिक सहायता देने के लिए सपा सांसद रामजी लाल सुमन हापुड़ पहुंचे थे।

सुरक्षा और कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए मौके पर तैनात पिलखुवा सीओ मुनीश चंद्र और पुलिस टीम ने सांसद के काफिले को आगे बढ़ने से रोक दिया। पुलिस द्वारा रोके जाने पर रामजी लाल सुमन भड़क गए और सांसद तथा पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में रामजी लाल सुमन बेहद गुस्से में नजर आ रहे हैं। वीडियो में वह सीओ मुनीश चंद्र की ओर उंगली दिखाते हुए कड़े लहजे में कहते दिखाई दे रहे हैं, "क्या करोगे तुम, दिमाग खराब है तुम्हारा।" वीडियो में सांसद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते और अधिकारियों को फटकार लगाते हुए भी दिखाई दे रहे हैं।

घटना का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया था। इसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया और इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर बहस शुरू हो गई है।

एक तरफ सपा समर्थक इस घटना को पुलिस की तानाशाही के खिलाफ जनप्रतिनिधि का आक्रोश बता रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ ऑन-ड्यूटी पुलिस अधिकारी के साथ इस तरह के व्यवहार को लेकर प्रशासनिक हलकों में नाराजगी की बात सामने आ रही है।

इस मामले में अभी तक पुलिस प्रशासन या सांसद रामजी लाल सुमन की ओर से कोई आधिकारिक लिखित बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में वायरल वीडियो के बाद सामने आए घटनाक्रम को लेकर आधिकारिक पक्ष का इंतजार है।

Sunil Giri

Sunil Giri

नाम: सुनील गिरि

वर्तमान पद: जिला संवाददाता

कार्यक्षेत्र: हापुड़ (उत्तर प्रदेश)

बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति एवं जिला स्तर की सभी बीट

विशेषज्ञता: राजनीतिक विश्लेषण, अपराध संबंधी कवरेज और जिला स्तरीय रिपोर्टिंग

परिचय 

सुनील गिरि उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह हापुड़ से जिला संवाददाता के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सुनील गिरि मुख्य रूप से राजनीति और क्राइम (अपराध) से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। राजनीतिक विषयों पर सटीक विश्लेषण करने के साथ-साथ वह जिले की हर छोटी-बड़ी गतिविधि और जनसरोकार के सभी मुद्दों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

सुनील गिरि को टीवी, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 2002 से (20 से अधिक वर्षों का) लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह निम्नलिखित प्रमुख मीडिया संस्थानों व न्यूज़ चैनलों के साथ जुड़कर अपनी सेवाएं दे रहे हैं:

  • पंजाब केसरी टीवी
  • इंडिया डेली 24×7 न्यूज़ चैनल
  • MH1 न्यूज़ चैनल
  • रॉयल न्यूज़ (वेबसाइट)
  • इंडिया पब्लिक खबर (वेबसाइट)

शैक्षणिक योग्यता

उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं (12th Pass) तक पूरी की है। दो दशकों से अधिक समय से हापुड़ जिले में लगातार सक्रिय रहने के कारण क्षेत्र की सामाजिक, प्रशासनिक और राजनीतिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव बहुत गहरा है।

Next Story