हापुड़: ₹2000 के डीजल विवाद में सेल्समैन को 5 किमी घसीटा, आरोपी गिरफ्तार
छिजारसी हाइवे पर पैसे मांगने पर चालक ने सेल्समैन को कार के शीशे में फंसाकर दौड़ाया, पुलिस ने आरोपी फरयाद को पकड़कर स्कॉर्पियो सीज की।

तस्वीर में तीन पुलिसकर्मी और सीज स्कॉर्पियो कार के सामने बैठा आरोपी दिख रहा है।
हापुड़/पिलखुवा, उत्तर प्रदेश में पिलखुवा थाना क्षेत्र से खौफनाक मामला सामने आया है। छिजारसी हाइवे स्थित अग्रवाल फ्यूलिंग स्टेशन पर महज 2,000 रुपये के डीजल के पैसे मांगने पर स्कॉर्पियो चालक ने पेट्रोल पंप के सेल्समैन पंकज का हाथ कार के शीशे में फंसा लिया और करीब 5 किलोमीटर तक तेज रफ्तार में घसीटता रहा। घटना का CCTV फुटेज भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था।
घटना देर रात करीब 10 बजे की है। पिलखुवा में छिजारसी हाइवे के किनारे स्थित अग्रवाल फ्यूलिंग स्टेशन पर काले रंग की स्कॉर्पियो आकर रुकी। गाड़ी में सवार शख्स ने सेल्समैन पंकज से ₹2,000 का डीजल डालने को कहा। डीजल भरने के बाद जब पंकज ने पैसे मांगे तो चालक भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा। सेल्समैन ने गाड़ी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने उसका हाथ जबरन गाड़ी के शीशे में फंसा लिया और स्कॉर्पियो की रफ्तार बढ़ा दी।
इसके बाद आरोपी स्कॉर्पियो को हापुड़ की तरफ तेज रफ्तार में दौड़ाता रहा। पंकज खुद को छुड़ाने और मदद के लिए चीखता-चिल्लाता रहा, लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। करीब 5 किलोमीटर तक घसीटने के बाद आरोपी ने पंकज को सड़क पर धक्का दे दिया और निजामपुर तिराहे के पास गिराकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पेट्रोल पंप के अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घायल पंकज को वापस लेकर आए। इसके बाद मैनेजर नीरज चौहान ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पिलखुवा थाना पुलिस ने CCTV फुटेज और स्कॉर्पियो के नंबर के आधार पर पुलिस टीम गठित की। 4 सितंबर 2026 को पुलिस ने आरोपी कार चालक को हिण्डालपुर बम्बा कट धर्म कांटे के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान फरयाद पुत्र अब्दुल वाहब, निवासी ग्राम ललियाना, थाना किठौर, जनपद मेरठ के रूप में हुई है। वारदात में प्रयुक्त काली स्कॉर्पियो कार, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर UP15EY3159 है, को एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 461/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास), 351 और 316(2) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को जेल भेजने की कार्यवाही की जा रही है।
इस त्वरित कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक श्री मनोज कुमार, उप-निरीक्षक विवेक चौहान, हेड कांस्टेबल राहुल सिंह और हेड कांस्टेबल ऋतुराज शामिल रहे। हापुड़ पुलिस की कार्रवाई की स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है। मामले में CCTV फुटेज के सामने आने के बाद हुई पुलिस कार्रवाई ने घटना की गंभीरता को और स्पष्ट किया है।

Sunil Giri
नाम: सुनील गिरि
वर्तमान पद: जिला संवाददाता
कार्यक्षेत्र: हापुड़ (उत्तर प्रदेश)
बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति एवं जिला स्तर की सभी बीट
विशेषज्ञता: राजनीतिक विश्लेषण, अपराध संबंधी कवरेज और जिला स्तरीय रिपोर्टिंग
परिचय
सुनील गिरि उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह हापुड़ से जिला संवाददाता के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सुनील गिरि मुख्य रूप से राजनीति और क्राइम (अपराध) से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। राजनीतिक विषयों पर सटीक विश्लेषण करने के साथ-साथ वह जिले की हर छोटी-बड़ी गतिविधि और जनसरोकार के सभी मुद्दों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
सुनील गिरि को टीवी, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 2002 से (20 से अधिक वर्षों का) लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह निम्नलिखित प्रमुख मीडिया संस्थानों व न्यूज़ चैनलों के साथ जुड़कर अपनी सेवाएं दे रहे हैं:
- पंजाब केसरी टीवी
- इंडिया डेली 24×7 न्यूज़ चैनल
- MH1 न्यूज़ चैनल
- रॉयल न्यूज़ (वेबसाइट)
- इंडिया पब्लिक खबर (वेबसाइट)
शैक्षणिक योग्यता
उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं (12th Pass) तक पूरी की है। दो दशकों से अधिक समय से हापुड़ जिले में लगातार सक्रिय रहने के कारण क्षेत्र की सामाजिक, प्रशासनिक और राजनीतिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव बहुत गहरा है।
