हापुड़ जिले ने एचआईवी/एड्स नियंत्रण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए 'सुरक्षित जिले' का दर्जा प्राप्त किया है। नवंबर-2026 के मिशन एड्स सुरक्षा (एम.ए.एस.) डैशबोर्ड के ताजा आंकड़ों के अनुसार, हापुड़ ने एचआईवी/एड्स नियंत्रण के राष्ट्रीय 95-95-95 लक्ष्यों को पार करते हुए 97-97-97 प्रतिशत का प्रदर्शन दर्ज किया है।

जिले ने एचआईवी संक्रमितों की पहचान, उपचार से जुड़ाव और वायरल लोड नियंत्रण, तीनों मानकों पर 97 प्रतिशत का लक्ष्य हासिल किया है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, जिले में अनुमानित कुल 1,169 एचआईवी संक्रमितों में से 1,129 लोगों की पहचान कर उन्हें उनकी एचआईवी स्थिति की जानकारी दी जा चुकी है। इस तरह पहले लक्ष्य यानी जांच और पहचान में 97 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई है।

दूसरे लक्ष्य के तहत चिन्हित 1,129 लोगों में से 1,091 मरीजों को नियमित एंटी-रेट्रोवायरल थेरेपी (एआरटी) उपचार से जोड़ा गया है। उपचार से जुड़ाव का आंकड़ा भी 97 प्रतिशत रहा। वहीं, तीसरे लक्ष्य यानी वायरल लोड नियंत्रण के तहत उपचार ले रहे पात्र 891 मरीजों में से 863 मरीजों का वायरल लोड नियंत्रित (सप्रेस्ड) पाया गया। इस मानक पर भी जिले ने 97 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की है।

हापुड़ ने यह उपलब्धि महज आठ महीनों में हासिल की है। मार्च-2026 में जिले का पहला लक्ष्य यानी जांच और पहचान केवल 66.7 प्रतिशत था। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने समयबद्ध जांच, प्रभावी परामर्श, एआरटी केंद्रों से मरीजों का बेहतर जुड़ाव और नियमित फॉलोअप की रणनीति अपनाई। जिला एड्स नियंत्रण इकाई, डीआईएसएचए (District Integrated Strategy for HIV/AIDS) टीम और सामुदायिक संगठनों के समन्वित प्रयासों से जिले का प्रदर्शन 97 प्रतिशत तक पहुंचा।

यह उपलब्धि जिलाधिकारी श्रीमती कविता मीणा के मार्गदर्शन में हासिल हुई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. किशोर कुमार आहूजा और जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राजेश सिंह के नेतृत्व में जिला एड्स नियंत्रण इकाई, डीआईएसएचए टीम तथा जिला पीएमडीटी/टीबी-एचआईवी कोऑर्डिनेटर मनोज कुमार गौतम ने जमीनी स्तर पर लगातार कार्य किया।

स्वास्थ्य विभाग ने इस सफलता का श्रेय चिकित्सकों, परामर्शदाताओं, प्रयोगशाला कर्मियों और अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों को दिया है। विभाग का अगला लक्ष्य अब शेष छूटे हुए लोगों तक पहुंचना और शत-प्रतिशत मरीजों को उपचार से जोड़ना है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. किशोर कुमार आहूजा ने जनपदवासियों से बिना किसी झिझक के समय पर एचआईवी जांच कराने की अपील की है। उन्होंने बताया कि सरकारी अस्पतालों में एचआईवी की जांच पूरी तरह निःशुल्क और गोपनीय रखी जाती है। साथ ही उन्होंने समाज से एचआईवी संक्रमित लोगों के प्रति भेदभाव समाप्त करने और उनके साथ संवेदनशीलता एवं सहयोग का व्यवहार करने का आह्वान किया।

हापुड़ की यह उपलब्धि एचआईवी संक्रमितों की पहचान से लेकर नियमित उपचार और वायरल लोड नियंत्रण तक स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली में आए सुधार को दर्शाती है। अब विभाग के सामने शेष लोगों तक पहुंचने और सभी पात्र मरीजों को उपचार से जोड़ने का लक्ष्य पूरा करने की चुनौती है।

Next Story