हापुड़ निजामपुर बाईपास पर कैंटर की टक्कर से 3 साल के बच्चे की मौत, परिवार के 5 लोग गंभीर
हापुड़ के निजामपुर बाईपास पर तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर से सेंट्रो कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में तीन साल के हमदान की मौत हो गई और परिवार के पांच लोग गंभीर घायल हुए। पुलिस ने आरोपी चालक आदेश को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज किया।

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में गढ़ रोड स्थित निजामपुर बाईपास पर अनियंत्रित कैंटर की टक्कर के बाद डिवाइडर से टकराई क्षतिग्रस्त कार की जांच करते पुलिसकर्मी।
उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में गढ़ रोड स्थित निजामपुर बाईपास पर तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर से सेंट्रो कार डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में तीन साल के बच्चे हमदान की मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी कैंटर चालक को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, बुलंदशहर जिले के खानपुर निवासी इजहार अपने परिवार के साथ सेंट्रो कार से दिल्ली जा रहे थे। कार में उनकी पत्नी अंजुम, मां रीना असल जरीना, चाची रुकसाना और दो बच्चे हमदान (3 साल) व इनाया (डेढ़ साल) सवार थे। दोपहर करीब 12 बजे उनकी कार गढ़ रोड स्थित निजामपुर बाईपास के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित कैंटर ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय राहगीरों की मदद से सभी घायलों को तत्काल नजदीकी जीएस अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने तीन वर्षीय हमदान को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल परिवार के अन्य पांच सदस्यों की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में उपचार जारी है।
पीड़ित इजहार ने पुलिस को दी शिकायत में कैंटर चालक पर अत्यधिक नशे में होने और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार, चालक तेज गति से गाड़ी चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कैंटर चालक को मौके से पकड़ लिया। आरोपी ने अपना नाम आदेश पुत्र ओमप्रकाश बताया है। वह अमरोहा जिले के कल्याणपुर का निवासी है।
मामले में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर आरोपी कैंटर चालक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे में तीन साल के बच्चे की मौत और परिवार के पांच सदस्यों के गंभीर रूप से घायल होने के मामले की जांच जारी है।

Sunil Giri
नाम: सुनील गिरि
वर्तमान पद: जिला संवाददाता
कार्यक्षेत्र: हापुड़ (उत्तर प्रदेश)
बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति एवं जिला स्तर की सभी बीट
विशेषज्ञता: राजनीतिक विश्लेषण, अपराध संबंधी कवरेज और जिला स्तरीय रिपोर्टिंग
परिचय
सुनील गिरि उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह हापुड़ से जिला संवाददाता के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सुनील गिरि मुख्य रूप से राजनीति और क्राइम (अपराध) से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। राजनीतिक विषयों पर सटीक विश्लेषण करने के साथ-साथ वह जिले की हर छोटी-बड़ी गतिविधि और जनसरोकार के सभी मुद्दों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
सुनील गिरि को टीवी, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 2002 से (20 से अधिक वर्षों का) लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह निम्नलिखित प्रमुख मीडिया संस्थानों व न्यूज़ चैनलों के साथ जुड़कर अपनी सेवाएं दे रहे हैं:
- पंजाब केसरी टीवी
- इंडिया डेली 24×7 न्यूज़ चैनल
- MH1 न्यूज़ चैनल
- रॉयल न्यूज़ (वेबसाइट)
- इंडिया पब्लिक खबर (वेबसाइट)
शैक्षणिक योग्यता
उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं (12th Pass) तक पूरी की है। दो दशकों से अधिक समय से हापुड़ जिले में लगातार सक्रिय रहने के कारण क्षेत्र की सामाजिक, प्रशासनिक और राजनीतिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव बहुत गहरा है।
