हापुड़: ₹55 लाख के कपड़ा लदे कैंटर लूट मामले में 5 गिरफ्तार, एनकाउंटर
स्वाट और गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने पलवाड़ा रोड पर मुठभेड़ के बाद गिरोह का भंडाफोड़ किया, मुख्य आरोपी जावेद के पैर में गोली लगी।

तस्वीर में कपड़ों के रोल से भरे वाहन के सामने पांच व्यक्ति पुलिसकर्मियों की हिरासत में खड़े हैं।
हापुड़ (उत्तर प्रदेश)। हापुड़ जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान गढ़मुक्तेश्वर थाना पुलिस और जनपदीय स्वाट (SOG) टीम ने कपड़ों से भरी कैंटर गाड़ी लूटने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पलवाडा रोड के पास पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग से मुख्य आरोपी जावेद के पैर में गोली लगी। पुलिस ने घायल जावेद समेत पांच शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई कैंटर गाड़ी और उसमें लदा 100 प्रतिशत माल यानी कपड़ा बरामद कर लिया है। बरामद माल की कुल कीमत करीब 55 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा आरोपियों के पास से अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
मामला 27/28 सितंबर 2026 की रात का है। बदमाशों ने गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के बलवापुर-बुजघाट रोड पर जैकेट बनाने वाले कपड़े से लदी कैंटर गाड़ी को जबरन रुकवाया था। इसके बाद ड्राइवर और हेल्पर को गनपॉइंट पर लेकर अपनी कार में बंधक बना लिया। दोनों को अमरोहा जिले के इलाके में छोड़ने के बाद बदमाश कपड़ों से भरी कैंटर गाड़ी लेकर फरार हो गए थे।
3 अक्टूबर 2026 को पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि कैंटर गाड़ी लूटने वाला गिरोह किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में पलवाडा रोड के पास मौजूद है। सूचना पर स्वाट टीम और स्थानीय पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरा देखकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें मुख्य आरोपी जावेद के पैर में गोली लगी और वह मौके पर गिर पड़ा। पुलिस ने जावेद समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में जावेद पुत्र मौ० इकबाल निवासी असमौली, सम्भल, हाल निवासी मुरादाबाद, मुठभेड़ में घायल हुआ है। इसके अलावा अजीम पुत्र साकिर निवासी कुन्दारकी, मुरादाबाद, अमन पुत्र राहतजान निवासी कुन्दारकी, मुरादाबाद, फरदीन पुत्र महबूब आलम निवासी कुन्दारकी, मुरादाबाद और सुभहान पुत्र कासिम निवासी कुन्दारकी, मुरादाबाद को गिरफ्तार किया गया है।
आरोपियों के कब्जे से लूटा गया माल, कपड़ों से भरा पंजीकृत कैंटर वाहन, जिसकी कीमत लगभग 55 लाख रुपये है, बरामद किया गया। पुलिस ने दो अवैध तमंचे .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और एक अवैध चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों में जावेद और अजीम बेहद शातिर और आदतन अपराधी हैं। इनके खिलाफ दिल्ली और उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद, सम्भल व हापुड़ जिलों के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट (Arms Act) जैसे गंभीर अपराधों के आधा दर्जन से अधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। दिल्ली के थाना वेलकम और चांदनी महल में भी इनके खिलाफ संगीन धाराओं में मामले दर्ज पाए गए हैं।
लूट की इस वारदात का सफल अनावरण करने वाली संयुक्त पुलिस टीम में गढ़मुक्तेश्वर पुलिस के प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र सिंह बिष्ट, उ०नि० अंकित कुमार तथा स्वाट टीम के निरीक्षक सुनील कुमार और उ०नि० जितिन शर्मा कुमार शामिल रहे। हापुड़ पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नई भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 310(2) और 127(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई के साथ पुलिस ने लूटे गए करीब 55 लाख रुपये के कपड़ा माल और वारदात में इस्तेमाल किए गए अवैध हथियारों की बरामदगी भी की है।

Sunil Giri
नाम: सुनील गिरि
वर्तमान पद: जिला संवाददाता
कार्यक्षेत्र: हापुड़ (उत्तर प्रदेश)
बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति एवं जिला स्तर की सभी बीट
विशेषज्ञता: राजनीतिक विश्लेषण, अपराध संबंधी कवरेज और जिला स्तरीय रिपोर्टिंग
परिचय
सुनील गिरि उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह हापुड़ से जिला संवाददाता के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सुनील गिरि मुख्य रूप से राजनीति और क्राइम (अपराध) से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। राजनीतिक विषयों पर सटीक विश्लेषण करने के साथ-साथ वह जिले की हर छोटी-बड़ी गतिविधि और जनसरोकार के सभी मुद्दों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
सुनील गिरि को टीवी, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 2002 से (20 से अधिक वर्षों का) लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह निम्नलिखित प्रमुख मीडिया संस्थानों व न्यूज़ चैनलों के साथ जुड़कर अपनी सेवाएं दे रहे हैं:
- पंजाब केसरी टीवी
- इंडिया डेली 24×7 न्यूज़ चैनल
- MH1 न्यूज़ चैनल
- रॉयल न्यूज़ (वेबसाइट)
- इंडिया पब्लिक खबर (वेबसाइट)
शैक्षणिक योग्यता
उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं (12th Pass) तक पूरी की है। दो दशकों से अधिक समय से हापुड़ जिले में लगातार सक्रिय रहने के कारण क्षेत्र की सामाजिक, प्रशासनिक और राजनीतिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव बहुत गहरा है।
