हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव फुलदेहरा में घर के बाहर बैठे पिटबुल ने बाइक सवार युवक पर अचानक हमला कर दिया। कुत्ते ने युवक को अपने जबड़ों में जकड़कर बुरी तरह नोच डाला। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली के हायर मेडिकल सेंटर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, गढ़ क्षेत्र के गांव जनुपुरा निवासी राहुल गुरुवार को मोटरसाइकिल से किसी काम के सिलसिले में सिंभावली क्षेत्र के फुलदेहरा गांव आया था। वह गांव में एक मकान के पास से गुजर रहा था, तभी घर के बाहर बैठे पिटबुल कुत्ते ने अचानक उस पर हमला बोल दिया।

कुत्ता इतना आक्रामक था कि उसने राहुल को अपने मजबूत जबड़ों में दबोच लिया और काफी देर तक उसे बुरी तरह नोचता रहा। युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और स्थानीय युवा मौके पर पहुंचे। लोगों ने काफी मशक्कत और शोर-शराबा करने के बाद राहुल को कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया।

हमले में राहुल लहूलुहान हो गया और उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने युवक की हालत बेहद नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के हायर सेंटर रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना के बाद पिटबुल जैसी खतरनाक नस्ल के कुत्तों के पालन को लेकर नियमों के पालन पर सवाल खड़े हुए हैं। सरकार और संबंधित विभागों द्वारा पिटबुल जैसी कई अत्यधिक आक्रामक और खतरनाक कुत्तों की नस्लों को पालने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया जा चुका है। इसके बावजूद लोग नियमों को ताक पर रखकर चोरी-छिपे इन प्रतिबंधित खतरनाक नस्लों के कुत्तों को घरों में पाल रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे कुत्ते राहगीरों और आम जनता के लिए जान का काल बन रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से ऐसे कुत्ता स्वामियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। सिंभावली की यह घटना प्रतिबंध के बावजूद खतरनाक नस्ल के कुत्तों के पालन को लेकर नियमों के प्रभावी पालन की जरूरत को सामने लाती है।

Sunil Giri

Sunil Giri

नाम: सुनील गिरि

वर्तमान पद: जिला संवाददाता

कार्यक्षेत्र: हापुड़ (उत्तर प्रदेश)

बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति एवं जिला स्तर की सभी बीट

विशेषज्ञता: राजनीतिक विश्लेषण, अपराध संबंधी कवरेज और जिला स्तरीय रिपोर्टिंग

परिचय 

सुनील गिरि उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह हापुड़ से जिला संवाददाता के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सुनील गिरि मुख्य रूप से राजनीति और क्राइम (अपराध) से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। राजनीतिक विषयों पर सटीक विश्लेषण करने के साथ-साथ वह जिले की हर छोटी-बड़ी गतिविधि और जनसरोकार के सभी मुद्दों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

सुनील गिरि को टीवी, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 2002 से (20 से अधिक वर्षों का) लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह निम्नलिखित प्रमुख मीडिया संस्थानों व न्यूज़ चैनलों के साथ जुड़कर अपनी सेवाएं दे रहे हैं:

  • पंजाब केसरी टीवी
  • इंडिया डेली 24×7 न्यूज़ चैनल
  • MH1 न्यूज़ चैनल
  • रॉयल न्यूज़ (वेबसाइट)
  • इंडिया पब्लिक खबर (वेबसाइट)

शैक्षणिक योग्यता

उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं (12th Pass) तक पूरी की है। दो दशकों से अधिक समय से हापुड़ जिले में लगातार सक्रिय रहने के कारण क्षेत्र की सामाजिक, प्रशासनिक और राजनीतिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव बहुत गहरा है।

Next Story