हापुड़ जिले के थाना हाफिजपुर क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे (NH-9) पर देर रात श्रद्धालुओं से भरी तेज रफ्तार ट्रैवलर बस अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे में बस में सवार आधा दर्जन से अधिक श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, ट्रैवलर गाड़ी में करीब 10 से ज्यादा यात्री सवार थे। सभी दिल्ली से उत्तराखंड के नैनीताल स्थित बाबा नीम करोली के प्रसिद्ध ‘कैंची धाम’ दर्शन के लिए जा रहे थे। हाफिजपुर थाना क्षेत्र में रामपुर फ्लाईओवर के पास पहुंचते ही अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया। बस पलटते हुए सड़क पर घूम गई, जिससे कई यात्री गाड़ी के अंदर ही फंस गए।


हादसे की सूचना मिलते ही हाफिजपुर थाना पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम (डायल-112) मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत कर बस में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला। थाना प्रभारी अतुल चौहान ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि गाड़ी की रफ्तार तेज थी और अचानक चालक को शायद नींद की झपकी आ गई, जिसके कारण वह वाहन से नियंत्रण खो बैठा।

पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए तुरंत पास के जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

हादसे के कारण दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटवाया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात दोबारा सुचारू हो गया।

Sunil Giri

Sunil Giri

नाम: सुनील गिरि

वर्तमान पद: जिला संवाददाता

कार्यक्षेत्र: हापुड़ (उत्तर प्रदेश)

बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति एवं जिला स्तर की सभी बीट

विशेषज्ञता: राजनीतिक विश्लेषण, अपराध संबंधी कवरेज और जिला स्तरीय रिपोर्टिंग

परिचय 

सुनील गिरि उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह हापुड़ से जिला संवाददाता के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सुनील गिरि मुख्य रूप से राजनीति और क्राइम (अपराध) से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। राजनीतिक विषयों पर सटीक विश्लेषण करने के साथ-साथ वह जिले की हर छोटी-बड़ी गतिविधि और जनसरोकार के सभी मुद्दों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

सुनील गिरि को टीवी, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 2002 से (20 से अधिक वर्षों का) लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह निम्नलिखित प्रमुख मीडिया संस्थानों व न्यूज़ चैनलों के साथ जुड़कर अपनी सेवाएं दे रहे हैं:

  • पंजाब केसरी टीवी
  • इंडिया डेली 24×7 न्यूज़ चैनल
  • MH1 न्यूज़ चैनल
  • रॉयल न्यूज़ (वेबसाइट)
  • इंडिया पब्लिक खबर (वेबसाइट)

शैक्षणिक योग्यता

उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं (12th Pass) तक पूरी की है। दो दशकों से अधिक समय से हापुड़ जिले में लगातार सक्रिय रहने के कारण क्षेत्र की सामाजिक, प्रशासनिक और राजनीतिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव बहुत गहरा है।

Next Story