हापुड़: प्रभारी मंत्री के.पी. मलिक ने विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा की
कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में स्वास्थ्य, गौशाला, वृद्धा पेंशन और जनसमस्याओं के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।

हापुड़ कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी कविता मीना ने प्रभारी मंत्री के.पी. मलिक का स्वागत किया।
जनपद हापुड़ में विकास कार्यों की गुणवत्ता, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और कानून व्यवस्था को लेकर प्रभारी मंत्री के.पी. मलिक ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि लापरवाही और गुणवत्ता से समझौता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने विकास कार्यों की प्रगति परखने के साथ जनप्रतिनिधियों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक की शुरुआत में प्रभारी मंत्री ने ऐतिहासिक गढ़ गंगा मेले के सफल और भव्य आयोजन के लिए जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और पूरी टीम को बधाई दी। इसके बाद उन्होंने जनपद में संचालित विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।
मंत्री के.पी. मलिक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में चल रहे सभी निर्माण एवं विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि जो कार्य प्रगति पर हैं अथवा पूर्ण हो चुके हैं, उनकी जानकारी समय से जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाए। अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कराने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने पिछली समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों पर हुई कार्रवाई की प्रगति रिपोर्ट भी देखी। साथ ही जनप्रतिनिधियों की ओर से उठाई गई समस्याओं का अगली बैठक से पहले समाधान करने के आदेश दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान मौसम में बदलाव के कारण खांसी, जुकाम और बुखार के मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) में पर्याप्त दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। अस्पतालों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।
गौशालाओं की व्यवस्था को लेकर प्रभारी मंत्री ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि जिले की सभी गौशालाओं में गोवंश को सर्दी से बचाने के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। इसके साथ ही हरे चारे, भूसे और स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
वृद्धा पेंशन का भुगतान रुकने से लोगों को हो रही परेशानी का मामला भी बैठक में उठा। इस पर समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि पेंशनरों की केवाईसी और डेटा अपडेट होने के कारण भुगतान रुका हुआ था। मंत्री ने पात्र लाभार्थियों को जल्द पेंशन का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की प्रगति की भी समीक्षा की।
बेसिक शिक्षा व्यवस्था पर चर्चा करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षा का स्तर सुधारने और बच्चों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद प्रभारी मंत्री ने पुलिस अधीक्षक हापुड़ से जनपद की कानून व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि जिले में कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी शिकायत पर संबंधित थाने की ओर से तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
बैठक के अंत में प्रभारी मंत्री ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। उन्होंने विकास कार्यों की नियमित निगरानी, जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय और जनसमस्याओं के समयबद्ध समाधान पर विशेष जोर दिया।
समीक्षा बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर, सदर विधायक विजयपाल आढ़ती, जिलाधिकारी कविता मीना, पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा, हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण (HPDA) के उपाध्यक्ष, मेरठ, गाजियाबाद व अमरोहा लोकसभा क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष हापुड़, हापुड़, धौलाना व सिंभावली के ब्लॉक प्रमुख सहित सभी जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Sunil Giri
नाम: सुनील गिरि
वर्तमान पद: जिला संवाददाता
कार्यक्षेत्र: हापुड़ (उत्तर प्रदेश)
बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति एवं जिला स्तर की सभी बीट
विशेषज्ञता: राजनीतिक विश्लेषण, अपराध संबंधी कवरेज और जिला स्तरीय रिपोर्टिंग
परिचय
सुनील गिरि उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह हापुड़ से जिला संवाददाता के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सुनील गिरि मुख्य रूप से राजनीति और क्राइम (अपराध) से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। राजनीतिक विषयों पर सटीक विश्लेषण करने के साथ-साथ वह जिले की हर छोटी-बड़ी गतिविधि और जनसरोकार के सभी मुद्दों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
सुनील गिरि को टीवी, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 2002 से (20 से अधिक वर्षों का) लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह निम्नलिखित प्रमुख मीडिया संस्थानों व न्यूज़ चैनलों के साथ जुड़कर अपनी सेवाएं दे रहे हैं:
- पंजाब केसरी टीवी
- इंडिया डेली 24×7 न्यूज़ चैनल
- MH1 न्यूज़ चैनल
- रॉयल न्यूज़ (वेबसाइट)
- इंडिया पब्लिक खबर (वेबसाइट)
शैक्षणिक योग्यता
उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं (12th Pass) तक पूरी की है। दो दशकों से अधिक समय से हापुड़ जिले में लगातार सक्रिय रहने के कारण क्षेत्र की सामाजिक, प्रशासनिक और राजनीतिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव बहुत गहरा है।
