हापुड़ में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से तेंदुए की मौत, वन विभाग ने किया निस्तारण
सिंभावली के मानिक चौक गांव में धान के खेत में लगा पेड़ 11 हजार वोल्ट की लाइन से टकरा रहा था, पोस्टमार्टम के बाद शव को जलाया गया।

तस्वीर में रात के समय हापुड़ के खेत में वन विभाग के अधिकारी खड़े दिख रहे हैं।
हापुड़। जनपद हापुड़ में 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से तेंदुए की दर्दनाक मौत हो गई। घटना सिंभावली थाना क्षेत्र के ग्राम मानिक चौक में धान के खेत की है। सूचना मिलते ही वन विभाग के आला अधिकारी और स्थानीय टीम मौके पर पहुंची। पोस्टमार्टम के बाद वन विभाग के नियमों और गाइडलाइंस के अनुसार तेंदुए के शव को निस्तारित कर दिया गया।
घटना बीती शाम 3 अक्टूबर 2026 की बताई गई है। हापुड़ वन प्रभाग की गढ़मुक्तेश्वर रेंज के अंतर्गत ग्राम मानिक चौक के एक धान के खेत में शीशम का पेड़ खड़ा है। इस पेड़ को छूते हुए 11,000 वोल्टेज की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। आशंका है कि तेंदुआ शीशम के पेड़ पर चढ़ा था। इसी दौरान वह पेड़ से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के करंट की चपेट में आ गया। करंट की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई और शव नीचे आ गिरा।
खेत में तेंदुए का शव मिलने की जानकारी ग्रामीणों को हुई तो इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर स्थानीय वन कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए डी.एफ.ओ. हापुड़ गौतम सिंह और क्षेत्रीय वन अधिकारी करन सिंह भी वन विभाग की टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया और मृत तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर सुरक्षित रेंज कार्यालय पहुंचाया। पूरे घटनाक्रम की जानकारी लगातार वन विभाग के उच्चाधिकारियों को दी जाती रही।
4 अक्टूबर 2026 को मृत तेंदुए के शव का पोस्टमार्टम आलमगीर पौधशाला में कराया गया। पोस्टमार्टम के लिए तीन पशु चिकित्सकों की विशेष टीम गठित की गई। टीम में डॉ. नवनीत कुमार, डॉ. मदन पाल सिंह और डॉ. विशाल चौधरी शामिल रहे।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वन विभाग के नियमों और गाइडलाइंस का पालन करते हुए मृत तेंदुए के शव को आलमगीर पौधशाला परिसर में ही सम्मानजनक तरीके से जलाकर निस्तारित किया गया। हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से तेंदुए की मौत की यह घटना वन विभाग की कार्रवाई के बाद नियमानुसार समाप्त हुई।

Sunil Giri
नाम: सुनील गिरि
वर्तमान पद: जिला संवाददाता
कार्यक्षेत्र: हापुड़ (उत्तर प्रदेश)
बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति एवं जिला स्तर की सभी बीट
विशेषज्ञता: राजनीतिक विश्लेषण, अपराध संबंधी कवरेज और जिला स्तरीय रिपोर्टिंग
परिचय
सुनील गिरि उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह हापुड़ से जिला संवाददाता के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सुनील गिरि मुख्य रूप से राजनीति और क्राइम (अपराध) से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। राजनीतिक विषयों पर सटीक विश्लेषण करने के साथ-साथ वह जिले की हर छोटी-बड़ी गतिविधि और जनसरोकार के सभी मुद्दों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
सुनील गिरि को टीवी, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 2002 से (20 से अधिक वर्षों का) लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह निम्नलिखित प्रमुख मीडिया संस्थानों व न्यूज़ चैनलों के साथ जुड़कर अपनी सेवाएं दे रहे हैं:
- पंजाब केसरी टीवी
- इंडिया डेली 24×7 न्यूज़ चैनल
- MH1 न्यूज़ चैनल
- रॉयल न्यूज़ (वेबसाइट)
- इंडिया पब्लिक खबर (वेबसाइट)
शैक्षणिक योग्यता
उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं (12th Pass) तक पूरी की है। दो दशकों से अधिक समय से हापुड़ जिले में लगातार सक्रिय रहने के कारण क्षेत्र की सामाजिक, प्रशासनिक और राजनीतिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव बहुत गहरा है।
