हापुड़ (उत्तर प्रदेश)। हापुड़ में आगामी खड़खड़ी महोत्सव-2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में रविवार सुबह 11:00 बजे दिल्ली रोड स्थित एक होटल में खड़खड़ी महोत्सव संचालन समिति की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में महोत्सव के मुख्य उद्देश्य, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा, साहित्यिक सत्रों, जनभागीदारी और इस वर्ष दिए जाने वाले सम्मान समारोहों की जानकारी साझा की गई।

समिति के संरक्षक राम किशोर त्यागी ने कहा कि खड़खड़ी महोत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि साहित्य, संस्कृति, संस्कार और सामाजिक चेतना को समर्पित एक सांस्कृतिक अभियान है। उन्होंने कहा, "इसका मुख्य उद्देश्य हमारी नई पीढ़ी को भारतीय साहित्य और समृद्ध संस्कृति से मजबूती से जोड़ना है।"

समिति के अध्यक्ष निखिल त्यागी (आहते वाले) ने बताया कि महोत्सव में समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी रहती है। यही वजह है कि हर साल आयोजन का स्वरूप और अधिक व्यापक एवं भव्य होता जा रहा है।

प्रेस वार्ता के दौरान समिति के मुख्य पदाधिकारियों आसाराम त्यागी, सुधीर त्यागी (भुनी वाले), मीडिया प्रभारी व राष्ट्रीय सैनिक संस्था के प्रदेश प्रवक्ता ज्ञानेंद्र त्यागी और मोनू त्यागी (चमरी वाले) ने मंचीय कार्यक्रमों की रूपरेखा सामने रखी।

इस वर्ष भी महोत्सव का मुख्य आकर्षण विराट कवि सम्मेलन होगा। इसमें देश के प्रतिष्ठित कवि और साहित्यकार अपनी प्रस्तुतियों से मंच की शोभा बढ़ाएंगे। इस बार मुख्य कवि के रूप में देश के सुप्रसिद्ध राष्ट्रीय कवि अवनीत सिंह समर्थ अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

खड़खड़ी महोत्सव की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी साहित्य जगत की उत्कृष्ट प्रतिभाओं को प्रतिष्ठित साहित्य सम्मान प्रदान किए जाएंगे। राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ सम्मान के तहत ₹1,00,000 (एक लाख रुपये) की पुरस्कार राशि दी जाएगी। वहीं, दुष्यंत साहित्य सम्मान के तहत ₹50,000 (पचास हजार रुपये) की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

कार्यक्रम के मुख्य संयोजक और राष्ट्रीय कवि विकास विजय सिंह त्यागी ने महोत्सव के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि खड़खड़ी महोत्सव पिछले सात वर्षों से लगातार सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने बताया कि महोत्सव का एकमात्र ध्येय साहित्य, संस्कृति और भारतीय संस्कारों को जन-जन तक पहुंचाना है।

प्रेस वार्ता के अंतिम सत्र में उपस्थित पत्रकारों ने महोत्सव से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने आत्मीयता से जवाब दिया। अंत में आयोजन समिति ने सभी पत्रकार बंधुओं और समाज के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और आम जनता से आगामी महोत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story