हापुड़ के जेएमएस वर्ल्ड स्कूल में खेल महोत्सव का समापन, डीएम पब्लिक स्कूल बना चैंपियन
हापुड़ के जेएमएस वर्ल्ड स्कूल में आयोजित जेएमएस खेल महोत्सव 2026 में 24 विद्यालयों के लगभग 300 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। एथलेटिक्स प्रतियोगिता में डीएम पब्लिक स्कूल ने चैंपियनशिप ट्रॉफी जीती, जबकि आयरनमैन स्पोर्ट्स क्लब दूसरे स्थान पर रहा।

हापुड़ के जेएमएस वर्ल्ड स्कूल में आयोजित खेल महोत्सव के दौरान विजेताओं को सम्मानित करते अतिथिगण।
हापुड़ के प्रतिष्ठित जेएमएस वर्ल्ड स्कूल में आयोजित दो दिवसीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता ‘जेएमएस खेल महोत्सव 2026’ का रंगारंग समापन हुआ। प्रतियोगिता में क्षेत्र के 24 प्रमुख विद्यालयों के लगभग 300 प्रतिभावान खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता की ओवरऑल चैंपियनशिप पर डीएम पब्लिक स्कूल, हापुड़ ने कब्जा जमाया, जबकि आयरनमैन स्पोर्ट्स क्लब, हापुड़ दूसरे स्थान पर रहा।
खेल महोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला सचिव हैंडबाल संघ डॉली त्यागी, जिला व्यायाम शिक्षक (बेसिक विभाग) एवं क्रीड़ा भारती के जिला मंत्री मनप्रीत खैरा, जेएमएस वर्ल्ड स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. आयुष सिंघल, सचिव डॉ. रोहन सिंघल और प्रधानाचार्य डॉ. निधि मलिक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान जिला सचिव हैंडबाल संघ डॉली त्यागी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलों से शारीरिक विकास के साथ-साथ मानसिक विकास भी होता है। उन्होंने प्रतियोगिता में जीत हासिल नहीं कर पाने वाले खिलाड़ियों को निराश न होने और कड़ी मेहनत करके अगले साल फिर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों की प्रतिभा को निखारने का सबसे बेहतरीन माध्यम हैं।
जेएमएस वर्ल्ड स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. आयुष सिंघल ने कहा कि स्कूल बच्चों के सर्वांगीण विकास और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में खेल भावना और अनुशासन की भावना को बढ़ाते हैं।
प्रतियोगिता के विभिन्न एथलेटिक्स मुकाबलों के परिणाम स्कूल के स्पोर्ट्स ऑफिसर श्री दीपांशु गर्ग ने घोषित किए। अंडर-10 आयु वर्ग की 60 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में आदित्य ने प्रथम, दिग्विजय ने द्वितीय और माहिव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी आयु वर्ग की बालिका श्रेणी में दिया प्रथम, दिशा द्वितीय और अवनी तृतीय स्थान पर रहीं।
अंडर-10 आयु वर्ग की 100 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में लक्षित ने प्रथम, दिग्विजय ने द्वितीय और माहिब ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं, अंडर-12 आयु वर्ग की 100 मीटर दौड़ के बालिका वर्ग में काव्य ने प्रथम और मानवी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अनन्या एवं मायरा संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता के समग्र परिणाम में डीएम पब्लिक स्कूल, हापुड़ ने प्रथम स्थान हासिल कर चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की। आयरनमैन स्पोर्ट्स क्लब, हापुड़ प्रतियोगिता में रनर-अप रहा और उसने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
खेल महोत्सव के समापन पर मुख्य अतिथियों और स्कूल के प्रशासनिक बोर्ड के सदस्यों डॉ. आयुष सिंघल, डॉ. रोहन सिंघल एवं डॉ. निधि मलिक ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। पुरस्कार प्राप्त करने के बाद खिलाड़ियों के चेहरे खिल उठे।
इस दो दिवसीय खेल महोत्सव को सफल और अनुशासित बनाने में सचिन, महेंद्र, ललित, निशांत, हिमांशु, सौरभ, अंकुर पूनिया, गीता त्यागी, प्रिंस यादव, मनोज, नीरज एवं नितिन का विशेष योगदान रहा। प्रतियोगिता के समापन के साथ ही खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और मेहनत के माध्यम से अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने का अवसर मिला।

Sunil Giri
नाम: सुनील गिरि
वर्तमान पद: जिला संवाददाता
कार्यक्षेत्र: हापुड़ (उत्तर प्रदेश)
बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति एवं जिला स्तर की सभी बीट
विशेषज्ञता: राजनीतिक विश्लेषण, अपराध संबंधी कवरेज और जिला स्तरीय रिपोर्टिंग
परिचय
सुनील गिरि उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह हापुड़ से जिला संवाददाता के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सुनील गिरि मुख्य रूप से राजनीति और क्राइम (अपराध) से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। राजनीतिक विषयों पर सटीक विश्लेषण करने के साथ-साथ वह जिले की हर छोटी-बड़ी गतिविधि और जनसरोकार के सभी मुद्दों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
सुनील गिरि को टीवी, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 2002 से (20 से अधिक वर्षों का) लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह निम्नलिखित प्रमुख मीडिया संस्थानों व न्यूज़ चैनलों के साथ जुड़कर अपनी सेवाएं दे रहे हैं:
- पंजाब केसरी टीवी
- इंडिया डेली 24×7 न्यूज़ चैनल
- MH1 न्यूज़ चैनल
- रॉयल न्यूज़ (वेबसाइट)
- इंडिया पब्लिक खबर (वेबसाइट)
शैक्षणिक योग्यता
उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं (12th Pass) तक पूरी की है। दो दशकों से अधिक समय से हापुड़ जिले में लगातार सक्रिय रहने के कारण क्षेत्र की सामाजिक, प्रशासनिक और राजनीतिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव बहुत गहरा है।
