हापुड़ के थाना हाफिजपुर क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा को लेकर पुलिस ने गांव कुराना में ग्राम चौपाल आयोजित की। बुधवार को ग्राम पंचायत सचिवालय में हुई इस चौपाल में पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों और गांव के गणमान्य व्यक्तियों से सीधा संवाद कर यातायात नियमों, साइबर ठगी, महिला सुरक्षा, पुराने अपराधियों के सत्यापन और आगामी विधानसभा एवं पंचायत चुनावों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस ने ग्रामीणों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील करते हुए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने की हिदायत दी। साथ ही निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और सड़क पर आवागमन के दौरान सावधानी बरतने को कहा, ताकि सड़क हादसों से बचाव किया जा सके।

ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। ग्रामीणों को अनजान व्यक्तियों के फोन कॉल, संदेश और संदिग्ध लिंक से सावधान रहने के साथ बैंक खाते की जानकारी, एटीएम कार्ड का विवरण और ओटीपी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई। ऑनलाइन खरीदारी और डिजिटल भुगतान के दौरान भी सतर्कता बरतने को कहा गया। पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

चौपाल में महिला और बालिका सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया गया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से महिलाओं और बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा तथा उनके अधिकारों के प्रति संवेदनशील रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। महिला संबंधी किसी अपराध, उत्पीड़न या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर बिना किसी डर के तत्काल पुलिस को सूचित किया जाए।

इस दौरान पुलिस ने रजिस्टर नंबर-08 में दर्ज चोरी, लूट और डकैती जैसे गंभीर अपराधों में शामिल रहे पुराने अपराधियों की वर्तमान स्थिति का रिकॉर्ड के आधार पर सत्यापन भी किया। इसके अलावा गांव में अवैध और कच्ची शराब के निर्माण एवं बिक्री पर रोक लगाने के संबंध में ग्रामीणों को जागरूक किया गया। पुलिस ने कहा कि इस तरह का कोई भी अवैध कारोबार दिखाई देने पर तत्काल थाना पुलिस को सूचना दें।

आगामी विधानसभा और पंचायत चुनावों के मद्देनजर पुलिस ने ग्रामीणों से गांव में शांति, भाईचारा और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और आपसी विवादों से बचें। ग्रामीणों को किसी दबाव या प्रलोभन में आए बिना शांतिपूर्ण ढंग से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सहयोग करने के निर्देश दिए गए।

ग्राम चौपाल के माध्यम से हाफिजपुर पुलिस ने ग्रामीणों को अपराधों की रोकथाम, साइबर सुरक्षा, महिला संरक्षण और चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रति जागरूक करते हुए पुलिस और आमजन के बीच संवाद को मजबूत करने पर जोर दिया।

Sunil Giri

Sunil Giri

नाम: सुनील गिरि

वर्तमान पद: जिला संवाददाता

कार्यक्षेत्र: हापुड़ (उत्तर प्रदेश)

बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति एवं जिला स्तर की सभी बीट

विशेषज्ञता: राजनीतिक विश्लेषण, अपराध संबंधी कवरेज और जिला स्तरीय रिपोर्टिंग

परिचय 

सुनील गिरि उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह हापुड़ से जिला संवाददाता के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सुनील गिरि मुख्य रूप से राजनीति और क्राइम (अपराध) से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। राजनीतिक विषयों पर सटीक विश्लेषण करने के साथ-साथ वह जिले की हर छोटी-बड़ी गतिविधि और जनसरोकार के सभी मुद्दों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

सुनील गिरि को टीवी, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 2002 से (20 से अधिक वर्षों का) लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह निम्नलिखित प्रमुख मीडिया संस्थानों व न्यूज़ चैनलों के साथ जुड़कर अपनी सेवाएं दे रहे हैं:

  • पंजाब केसरी टीवी
  • इंडिया डेली 24×7 न्यूज़ चैनल
  • MH1 न्यूज़ चैनल
  • रॉयल न्यूज़ (वेबसाइट)
  • इंडिया पब्लिक खबर (वेबसाइट)

शैक्षणिक योग्यता

उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं (12th Pass) तक पूरी की है। दो दशकों से अधिक समय से हापुड़ जिले में लगातार सक्रिय रहने के कारण क्षेत्र की सामाजिक, प्रशासनिक और राजनीतिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव बहुत गहरा है।

Next Story