हापुड़ में कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी और गिरफ्तारी की मांग को लेकर 8 अक्टूबर को सत्याग्रह का ऐलान किया है। सोमवार को दिल्ली रोड स्थित जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी की संयुक्त प्रेस वार्ता में केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त पर तीखे आरोप लगाए गए।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने पत्रकारों को बताया कि 8 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक नगरपालिका परिषद स्थित गांधी पार्क में कांग्रेस कार्यकर्ता भूख हड़ताल कर सत्याग्रह करेंगे। उन्होंने कहा कि यह सत्याग्रह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार द्वारा वोट चोरी करने, उन्हें पद से बर्खास्त करने और उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर किया जा रहा है।

राकेश त्यागी ने 30 सितंबर को नई दिल्ली में हुई INDIA गठबंधन की बैठक का हवाला देते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को मोदी-शाह ने पहले बीजेपी के लिए भर्ती कराया और अब उन्हें अंपायर बनाकर चुनावों में मैच-फिक्सिंग कराई जा रही है। कांग्रेस का आरोप है कि देश में EVM और वोटर लिस्ट दोनों के साथ बड़े पैमाने पर छेड़छाड़ हुई है।

उन्होंने कहा कि इसके बाद CWC (कांग्रेस वर्किंग कमेटी) की बैठक में प्रस्ताव पारित कर ज्ञानेश कुमार को तत्काल हटाने और नैतिकता के आधार पर पीएम मोदी से इस्तीफे की मांग की गई है।

प्रेस वार्ता में शहर अध्यक्ष इरफान अहमद ने Special Intensive Revision यानी SIR को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि SIR असल में वोट चोरी का एक नया तरीका है। इरफान अहमद ने दावा किया कि इसी प्रक्रिया के तहत देश में करीब 14 करोड़ वोटरों के नाम वोटर लिस्ट से काटे गए हैं। उनके मुताबिक, आजादी के बाद के इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी घटना हुई है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने 3 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP के प्रोटेस्ट के दौरान हुई घटना की भी कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां सवाल पूछने पर दिल्ली के ACP विवेक भगत ने महिला पत्रकार रोजी के साथ घोर अभद्रता की। त्यागी ने कहा कि यह लोकतंत्र के चौथे स्तंभ मीडिया पर सीधा हमला है, जिसे कांग्रेस पार्टी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।

संयुक्त प्रेस वार्ता में पूर्व धौलाना विधानसभा प्रत्याशी पंडित अरविंद शर्मा, पिलखुआ नगर अध्यक्ष रजनीश त्यागी, डॉक्टर वीसी शर्मा, आई सी शर्मा, रश्मि चौधरी, रामप्रसाद जाटव, कपिल शर्मा, नरेश भाटी, आदेश शर्मा, सुधीर शर्मा, बॉबी त्यागी, गोपाल भारती, महबूब अली आदि मौजूद रहे।

8 अक्टूबर को गांधी पार्क में प्रस्तावित भूख हड़ताल के जरिए कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर लगाए जा रहे अपने आरोपों और उनकी बर्खास्तगी व गिरफ्तारी की मांग को लेकर आंदोलन का अगला चरण तय किया है।

Sunil Giri

Sunil Giri

नाम: सुनील गिरि

वर्तमान पद: जिला संवाददाता

कार्यक्षेत्र: हापुड़ (उत्तर प्रदेश)

बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति एवं जिला स्तर की सभी बीट

विशेषज्ञता: राजनीतिक विश्लेषण, अपराध संबंधी कवरेज और जिला स्तरीय रिपोर्टिंग

परिचय 

सुनील गिरि उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह हापुड़ से जिला संवाददाता के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सुनील गिरि मुख्य रूप से राजनीति और क्राइम (अपराध) से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। राजनीतिक विषयों पर सटीक विश्लेषण करने के साथ-साथ वह जिले की हर छोटी-बड़ी गतिविधि और जनसरोकार के सभी मुद्दों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

सुनील गिरि को टीवी, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 2002 से (20 से अधिक वर्षों का) लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह निम्नलिखित प्रमुख मीडिया संस्थानों व न्यूज़ चैनलों के साथ जुड़कर अपनी सेवाएं दे रहे हैं:

  • पंजाब केसरी टीवी
  • इंडिया डेली 24×7 न्यूज़ चैनल
  • MH1 न्यूज़ चैनल
  • रॉयल न्यूज़ (वेबसाइट)
  • इंडिया पब्लिक खबर (वेबसाइट)

शैक्षणिक योग्यता

उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं (12th Pass) तक पूरी की है। दो दशकों से अधिक समय से हापुड़ जिले में लगातार सक्रिय रहने के कारण क्षेत्र की सामाजिक, प्रशासनिक और राजनीतिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव बहुत गहरा है।

Next Story