हापुड़ में जनगणना-2027 की तैयारी तेज, गांव-गांव लगेंगे स्व-गणना सहायता डेस्क, CDO ने दिए निर्देश
सीडीओ के निर्देश पर पंचायत भवनों और राशन दुकानों पर डेस्क लगेंगी। प्रगणक को जनगणना के समय स्व-गणना आईडी दिखाना अनिवार्य होगा, जिससे सत्यापन तेज होगा।

हापुड़ के कार्यालय में दो राष्ट्रीय ध्वजों के बीच कुर्सी पर मुख्य विकास अधिकारी बैठी दिखाई दे रही हैं।
हापुड़ में जनगणना-2027 को लेकर प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्रों में तैयारियां तेज कर दी हैं। आम नागरिकों को घर बैठे स्वयं और अपने परिवार की जानकारी दर्ज करने की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्व-गणना अभियान को प्रभावी बनाने की योजना तैयार की गई है। इसके तहत गांव-गांव में सहायता डेस्क स्थापित की जाएंगी, जहां ग्रामीणों को ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया समझाने के साथ उनका रजिस्ट्रेशन कराने में भी मदद की जाएगी।
बुधवार को सूचना विभाग के माध्यम से हापुड़ के मुख्य विकास अधिकारी ने सभी ग्राम प्रधानों और ग्राम पंचायत सचिवों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। सीडीओ ने स्पष्ट किया कि जनगणना की प्रक्रिया को सुगम और त्रुटिरहित बनाने में ग्राम प्रधानों तथा पंचायत सचिवों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर छह प्रमुख बिंदुओं पर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्देशों के अनुसार, प्रत्येक ग्राम सभा, खुली बैठक और ग्राम स्तरीय आयोजन में अनिवार्य रूप से 'जनगणना संवाद' आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से ग्रामीणों को स्व-गणना के लाभ और इसके महत्व की जानकारी दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इस प्रक्रिया में भाग ले सकें।
ग्राम प्रधानों को अभियान का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे स्वयं बैठकों की कमान संभालेंगे और किसानों सहित ग्रामीणों से अपील करेंगे कि जनसंख्या गणना (PE) के दौरान प्रगणकों (Enumerators) को जानकारी उपलब्ध कराने में सुविधा के लिए पहले ही ऑनलाइन स्व-गणना (SE) की प्रक्रिया पूरी कर लें।
वहीं, ग्राम पंचायत सचिवों को ग्रामीणों को ऑनलाइन पंजीकरण की पूरी प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से समझाने और उसका लाइव डेमो दिखाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए पंचायत भवन, आंगनवाड़ी केंद्र, राशन की दुकानों और ग्राम सभा की बैठकों में 'स्व-गणना सहायता डेस्क' स्थापित की जाएंगी। इन डेस्क के माध्यम से ग्रामीणों को पंजीकरण कराने में सहयोग दिया जाएगा।
अभियान को घर-घर तक पहुंचाने के लिए स्वयं सहायता समूहों (SHG), आशा कार्यकत्रियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और अन्य फ्रंटलाइन वर्कर्स को भी जिम्मेदारी दी गई है। ये टीमें अपने संपर्क के माध्यम से ग्रामीण परिवारों तक पहुंचेंगी और लोगों को स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी करने के लिए जागरूक करेंगी।
प्रशासन ने स्व-गणना पंजीकरण के बाद मिलने वाली आईडी को सुरक्षित रखने पर भी विशेष जोर दिया है। ऑनलाइन पंजीकरण पूरा होने पर प्रत्येक परिवार को एक 'स्व-गणना आईडी' (SE ID) प्राप्त होगी। ग्रामीणों को इस आईडी को संभालकर रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा, क्योंकि वास्तविक जनगणना के समय प्रगणक को यह आईडी दिखाना अनिवार्य होगा। इसके माध्यम से परिवार की दर्ज की गई जानकारी का त्वरित सत्यापन किया जा सकेगा।
इसके अतिरिक्त, स्व-गणना अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए पंचायत भवनों, गांव के प्रमुख चौराहों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर बैनर एवं पोस्टर लगाए जाएंगे, ताकि ग्रामीणों तक अभियान से संबंधित जानकारी पहुंचाई जा सके।
मुख्य विकास अधिकारी ने विश्वास जताया कि ग्राम प्रधानों के सक्रिय नेतृत्व, आपसी समन्वय और आम जनता की भागीदारी से जनपद हापुड़ की ग्राम पंचायतें स्व-गणना अभियान में प्रदेश भर में अग्रणी भूमिका निभाएंगी। प्रशासन के इन निर्देशों के तहत अब ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता, ऑनलाइन पंजीकरण और सहायता व्यवस्था को ग्राम पंचायत स्तर पर प्रभावी बनाने पर जोर रहेगा।

Sunil Giri
नाम: सुनील गिरि
वर्तमान पद: जिला संवाददाता
कार्यक्षेत्र: हापुड़ (उत्तर प्रदेश)
बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति एवं जिला स्तर की सभी बीट
विशेषज्ञता: राजनीतिक विश्लेषण, अपराध संबंधी कवरेज और जिला स्तरीय रिपोर्टिंग
परिचय
सुनील गिरि उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह हापुड़ से जिला संवाददाता के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सुनील गिरि मुख्य रूप से राजनीति और क्राइम (अपराध) से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। राजनीतिक विषयों पर सटीक विश्लेषण करने के साथ-साथ वह जिले की हर छोटी-बड़ी गतिविधि और जनसरोकार के सभी मुद्दों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
सुनील गिरि को टीवी, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 2002 से (20 से अधिक वर्षों का) लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह निम्नलिखित प्रमुख मीडिया संस्थानों व न्यूज़ चैनलों के साथ जुड़कर अपनी सेवाएं दे रहे हैं:
- पंजाब केसरी टीवी
- इंडिया डेली 24×7 न्यूज़ चैनल
- MH1 न्यूज़ चैनल
- रॉयल न्यूज़ (वेबसाइट)
- इंडिया पब्लिक खबर (वेबसाइट)
शैक्षणिक योग्यता
उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं (12th Pass) तक पूरी की है। दो दशकों से अधिक समय से हापुड़ जिले में लगातार सक्रिय रहने के कारण क्षेत्र की सामाजिक, प्रशासनिक और राजनीतिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव बहुत गहरा है।
