हापुड़ में नहर की पटरी पर एक साथ दिखे 5 तेंदुए, ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग पर लापरवाही के आरोप
हापुड़ के सिंभावली क्षेत्र में नहर की पटरी पर पांच तेंदुए दिखने से ग्रामीणों में दहशत है। गन्ने की कटाई के बीच लोग खेतों में जाने से कतरा रहे हैं।

हापुड़ जिले के सिंभावली थाना क्षेत्र के नवादा नहर पुल के पास बुधवार रात कार की लाइट में एक साथ पांच तेंदुए दिखाई दिए, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
हापुड़ जिले के सिंभावली थाना क्षेत्र में बुधवार रात नहर की पटरी पर एक साथ 5 तेंदुए दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। दत्तियाना गांव निवासी नाजिम अपनी कार से सिंभावली से घर लौट रहे थे। नवादा नहर पुल (पटरी) के पास कार की हेडलाइट की रोशनी में उन्हें कुछ हलचल दिखाई दी।
नाजिम ने गाड़ी रोककर मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया। रोशनी पड़ने पर सड़क किनारे एक के बाद एक कुल 5 तेंदुए घूमते दिखाई दिए। खतरा महसूस होने पर कार सवार ने तुरंत गाड़ी पीछे की और दूसरे रास्ते से निकलकर अपनी जान बचाई। यह घटना बुधवार रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों और किसान संगठनों (भाकियू) में इस घटना को लेकर आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में तेंदुए पिछले कई महीनों से घूम रहे हैं और लगातार अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं। उनका आरोप है कि वन विभाग को बार-बार सूचना देने के बावजूद टीम सिर्फ औपचारिकता पूरी करके लौट जाती है और अब तक इन तेंदुओं को पकड़ने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है।
गन्ने की कटाई के सीजन में ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इस समय गन्ने की कटाई चल रही है और खेतों में फसल काफी ऊंची हो चुकी है। ग्रामीणों के अनुसार, ऊंची गन्ने की फसल तेंदुओं के छिपने के लिए मुफीद जगह बन गई है। ऐसे में किसान और मजदूर खेतों में जाने से कतरा रहे हैं। ग्रामीणों को आशंका है कि तेंदुए किसी बच्चे, मवेशी या किसान पर हमला कर सकते हैं।
वीडियो वायरल होने और ग्रामीणों के बढ़ते गुस्से के बाद वन विभाग की टीम सुरक्षात्मक कदम उठाने का दावा कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, प्रभावित इलाकों में पिंजरा लगाया जाएगा और गश्त बढ़ाई जाएगी।
सिंभावली और आसपास के ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों से अकेले खेतों की ओर न जाने, बच्चों को घरों में सुरक्षित रखने और रात के समय समूह में ही बाहर निकलने की अपील की गई है। नहर की पटरी पर एक साथ 5 तेंदुओं के दिखाई देने की घटना ने इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Sunil Giri
नाम: सुनील गिरि
वर्तमान पद: जिला संवाददाता
कार्यक्षेत्र: हापुड़ (उत्तर प्रदेश)
बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति एवं जिला स्तर की सभी बीट
विशेषज्ञता: राजनीतिक विश्लेषण, अपराध संबंधी कवरेज और जिला स्तरीय रिपोर्टिंग
परिचय
सुनील गिरि उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह हापुड़ से जिला संवाददाता के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सुनील गिरि मुख्य रूप से राजनीति और क्राइम (अपराध) से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। राजनीतिक विषयों पर सटीक विश्लेषण करने के साथ-साथ वह जिले की हर छोटी-बड़ी गतिविधि और जनसरोकार के सभी मुद्दों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
सुनील गिरि को टीवी, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 2002 से (20 से अधिक वर्षों का) लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह निम्नलिखित प्रमुख मीडिया संस्थानों व न्यूज़ चैनलों के साथ जुड़कर अपनी सेवाएं दे रहे हैं:
- पंजाब केसरी टीवी
- इंडिया डेली 24×7 न्यूज़ चैनल
- MH1 न्यूज़ चैनल
- रॉयल न्यूज़ (वेबसाइट)
- इंडिया पब्लिक खबर (वेबसाइट)
शैक्षणिक योग्यता
उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं (12th Pass) तक पूरी की है। दो दशकों से अधिक समय से हापुड़ जिले में लगातार सक्रिय रहने के कारण क्षेत्र की सामाजिक, प्रशासनिक और राजनीतिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव बहुत गहरा है।
