हापुड़ (उत्तर प्रदेश)। हापुड़ जिले के बदनौली गांव में 4 सितंबर को हुए विवाद को लेकर मामला अभी भी चर्चा में है। घटना के बाद राष्ट्रीय जाट महासभा (भारत) के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारियों से मुलाकात कर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की। संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रभारी संगठन गजेन्द्र सिंह नीलकंठी के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह और डीएम कविता मीना को ज्ञापन सौंपा।

मुलाकात के दौरान गजेन्द्र सिंह नीलकंठी ने कहा कि बदनौली गांव का विवाद एक व्यक्तिगत झगड़ा था। उनका आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्व इसे ‘जातीय संघर्ष’ का रूप देकर गांव और पूरे जिले का माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।

राष्ट्रीय जाट महासभा ने पुलिस प्रशासन से पूरे प्रकरण की गहराई से और पूरी तरह निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। संगठन की ओर से कहा गया कि घटना में जो भी वास्तविक दोषी है, वह किसी भी कीमत पर बचना नहीं चाहिए, लेकिन पुलिस कार्रवाई में किसी निर्दोष व्यक्ति को जबरन नहीं फंसाया जाना चाहिए।

प्रतिनिधिमंडल ने सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे भ्रामक वीडियो और पोस्ट का मुद्दा भी अधिकारियों के सामने रखा। संगठन का आरोप है कि इंटरनेट पर गलत और अफवाह फैलाने वाले वीडियो डालकर सांप्रदायिक और जातीय सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है। महासभा ने ऐसे लोगों के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस प्रशासन ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि माहौल खराब करने वाले कुछ उपद्रवियों और भ्रामक पोस्ट करने वालों को पुलिस ने चिन्हित कर लिया है। पुलिस ने यह भी आश्वासन दिया कि मामले की जांच पूरी तरह पारदर्शी होगी और कानून के मुताबिक ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बता दें कि हापुड़ के बदनौली गांव में बीते 4 सितंबर को दो पक्षों के बीच मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था। बाद में विवाद ने पथराव और फायरिंग का रूप ले लिया था। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ था। स्थिति को देखते हुए पुलिस दोनों पक्षों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर होने वाली गतिविधियों पर भी लगातार नजर बनाए हुए है।

Sunil Giri

Sunil Giri

नाम: सुनील गिरि

वर्तमान पद: जिला संवाददाता

कार्यक्षेत्र: हापुड़ (उत्तर प्रदेश)

बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति एवं जिला स्तर की सभी बीट

विशेषज्ञता: राजनीतिक विश्लेषण, अपराध संबंधी कवरेज और जिला स्तरीय रिपोर्टिंग

परिचय 

सुनील गिरि उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह हापुड़ से जिला संवाददाता के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सुनील गिरि मुख्य रूप से राजनीति और क्राइम (अपराध) से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। राजनीतिक विषयों पर सटीक विश्लेषण करने के साथ-साथ वह जिले की हर छोटी-बड़ी गतिविधि और जनसरोकार के सभी मुद्दों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

सुनील गिरि को टीवी, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 2002 से (20 से अधिक वर्षों का) लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह निम्नलिखित प्रमुख मीडिया संस्थानों व न्यूज़ चैनलों के साथ जुड़कर अपनी सेवाएं दे रहे हैं:

  • पंजाब केसरी टीवी
  • इंडिया डेली 24×7 न्यूज़ चैनल
  • MH1 न्यूज़ चैनल
  • रॉयल न्यूज़ (वेबसाइट)
  • इंडिया पब्लिक खबर (वेबसाइट)

शैक्षणिक योग्यता

उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं (12th Pass) तक पूरी की है। दो दशकों से अधिक समय से हापुड़ जिले में लगातार सक्रिय रहने के कारण क्षेत्र की सामाजिक, प्रशासनिक और राजनीतिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव बहुत गहरा है।

Next Story