ग्राम बदनौली में शुक्रवार, 4 सितंबर 2026 की सुबह रास्ते के विवाद और सोशल मीडिया पर कमेंटबाजी को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। थाना हापुड़ नगर क्षेत्र में दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि पथराव के साथ कट्टे-तमंचों से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। घटना में दलित समुदाय की एक महिला समेत 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घायलों की पहचान मुनेश घायल महिला, विजय उर्फ बंटी, दीपक उर्फ गोलू और अंकित के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई।


वारदात की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और सीओ अनीता चौहान भारी फोर्स के साथ बदनौली गांव पहुंचीं और स्थिति को नियंत्रित किया। मेरठ रेंज के डीआईजी (DIG) कलानिधि नैथानी और हापुड़ के एसपी (SP) कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने भी भारी पुलिस बल के साथ मौके का मुआयना किया। एहतियात के तौर पर गांव में भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात कर दी गई है।

घटनास्थल से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के युवकों के बीच करीब दो वर्ष पहले जिम में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद से दोनों पक्षों में रंजिश चली आ रही थी। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक-दूसरे पर छींटाकशी और कमेंटबाजी के साथ गांव की गली में आने-जाने के रास्ते को लेकर भी तनातनी बढ़ गई थी।

एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि विवाद नई उम्र के लड़कों के बीच का है। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे दोनों पक्ष गली में आमने-सामने आ गए। गाली-गलौज के बाद विवाद कट्टे-तमंचे चलने तक पहुंच गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दबंग पूर्व ग्राम प्रधान अमरपाल/संदीप के बेटों और परिजनों ने उन पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हमलावर पक्ष के 4 मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पकड़े गए आरोपियों से अवैध हथियारों की बरामदगी को लेकर कड़ी पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक मौके पर अब पूरी तरह शांति है।

पुलिस अधीक्षक हापुड़ ने आधिकारिक बयान में कहा कि थाना हापुड़ नगर क्षेत्र के ग्राम बदनौली में नवयुवकों के बीच रास्ते पर आने-जाने, टसलबाजी और सोशल मीडिया पर पुरानी कहासुनी को लेकर दो पक्षों के मध्य विवाद और फायरिंग हुई। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। घटना में कुल 4 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया है।

एसपी के अनुसार, स्थानीय पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए घटना में संलिप्त 4 आरोपियों को हिरासत में लिया है। पीड़ित पक्ष से तहरीर प्राप्त कर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और आरोपियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। बदनौली में पुलिस और पीएसी की तैनाती के बीच मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है।

Sunil Giri

Sunil Giri

नाम: सुनील गिरि

वर्तमान पद: जिला संवाददाता

कार्यक्षेत्र: हापुड़ (उत्तर प्रदेश)

बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति एवं जिला स्तर की सभी बीट

विशेषज्ञता: राजनीतिक विश्लेषण, अपराध संबंधी कवरेज और जिला स्तरीय रिपोर्टिंग

परिचय 

सुनील गिरि उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह हापुड़ से जिला संवाददाता के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सुनील गिरि मुख्य रूप से राजनीति और क्राइम (अपराध) से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। राजनीतिक विषयों पर सटीक विश्लेषण करने के साथ-साथ वह जिले की हर छोटी-बड़ी गतिविधि और जनसरोकार के सभी मुद्दों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

सुनील गिरि को टीवी, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 2002 से (20 से अधिक वर्षों का) लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह निम्नलिखित प्रमुख मीडिया संस्थानों व न्यूज़ चैनलों के साथ जुड़कर अपनी सेवाएं दे रहे हैं:

  • पंजाब केसरी टीवी
  • इंडिया डेली 24×7 न्यूज़ चैनल
  • MH1 न्यूज़ चैनल
  • रॉयल न्यूज़ (वेबसाइट)
  • इंडिया पब्लिक खबर (वेबसाइट)

शैक्षणिक योग्यता

उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं (12th Pass) तक पूरी की है। दो दशकों से अधिक समय से हापुड़ जिले में लगातार सक्रिय रहने के कारण क्षेत्र की सामाजिक, प्रशासनिक और राजनीतिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव बहुत गहरा है।

Next Story