हापुड़ के बदनौली फायरिंग कांड में CO समेत 4 पर कार्रवाई, 5 गिरफ्तार
पुरानी रंजिश में हुई हिंसक झड़प और पुलिस लापरवाही पर एसपी का एक्शन, एसआईटी 3 दिन में सौंपेगी रिपोर्ट।

तस्वीर में पुलिस वर्दी पहने हापुड़ के एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह नजर आ रहे हैं।
हापुड़ (उत्तर प्रदेश)। हापुड़ जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव बदनौली में पुरानी रंजिश को लेकर 4 सितंबर को हुई ताबड़तोड़ फायरिंग, पथराव और खूनी संघर्ष के मामले में पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने में लापरवाही बरतने के आरोप में पुलिस अधीक्षक (SP) कुवर ज्ञानंजय सिंह ने नगर कोतवाल मनीष चौहान को लाइन हाजिर कर दिया है। वहीं, CO सिटी अनीता चौहान को जिला मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। इसके अलावा नगोला चौकी इंचार्ज जगत पाल और कांस्टेबल मोनू मलिक को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया गया है।
शुक्रवार सुबह 4 सितंबर को बदनौली गांव में करीब दो साल पुराने विवाद और पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। इस दौरान दबंगों ने गांव में सरेआम लाठी-डंडों से हमला करने के साथ पथराव किया और कई राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग की। फायरिंग और पथराव में एक महिला मुनेश समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में विजय उर्फ बंटी और दीपक उर्फ गोलू को गोली लगी थी। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेरठ हायर सेंटर अस्पताल के लिए रेफर किया गया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मेरठ रेंज के एडीजी भानु भास्कर, डीआईजी कलानिधि नैथानी, हापुड़ की डीएम कविता मीना और एसपी ने गांव का दौरा कर घटनास्थल का निरीक्षण किया। एडीजी भानु भास्कर ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। एसआईटी की जिम्मेदारी मेरठ एसपी देहात को सौंपी गई है और उसे तीन दिन के भीतर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।
हापुड़ पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 13 नामजद और 15-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में BNS और SC/ST एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने दबिश देकर बदनौली फाटक के पास से फायरिंग के पांच मुख्य आरोपियों संदीप, जगदीश, विपिन, सचिन और कपिल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल एक अवैध तमंचा, कारतूस और एक स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद हुई है।
बदनौली गांव में जातीय तनाव और स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए अभी भी भारी पुलिस बल और पीएसी (PAC) तैनात है। आला अधिकारी पल-पल की स्थिति पर नजर रख रहे हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच विवाद पुराना था और पहले भी धमकियां दी जा रही थीं। स्थानीय पुलिस द्वारा समय रहते निरोधात्मक कार्रवाई न करने को एसपी ने बड़ी लापरवाही माना, जिसके बाद CO सिटी, कोतवाल, चौकी इंचार्ज और सिपाही पर कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी या लापरवाही बरतने वाले कर्मी को बख्शा नहीं जाएगा। बदनौली फायरिंग कांड में आरोपियों की गिरफ्तारी, हथियार और वाहन की बरामदगी के बाद अब एसआईटी की तीन दिन में आने वाली रिपोर्ट पर भी नजर रहेगी।

Sunil Giri
नाम: सुनील गिरि
वर्तमान पद: जिला संवाददाता
कार्यक्षेत्र: हापुड़ (उत्तर प्रदेश)
बीट (मुख्य विषय): क्राइम, राजनीति एवं जिला स्तर की सभी बीट
विशेषज्ञता: राजनीतिक विश्लेषण, अपराध संबंधी कवरेज और जिला स्तरीय रिपोर्टिंग
परिचय
सुनील गिरि उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह हापुड़ से जिला संवाददाता के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सुनील गिरि मुख्य रूप से राजनीति और क्राइम (अपराध) से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। राजनीतिक विषयों पर सटीक विश्लेषण करने के साथ-साथ वह जिले की हर छोटी-बड़ी गतिविधि और जनसरोकार के सभी मुद्दों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
सुनील गिरि को टीवी, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 2002 से (20 से अधिक वर्षों का) लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह निम्नलिखित प्रमुख मीडिया संस्थानों व न्यूज़ चैनलों के साथ जुड़कर अपनी सेवाएं दे रहे हैं:
- पंजाब केसरी टीवी
- इंडिया डेली 24×7 न्यूज़ चैनल
- MH1 न्यूज़ चैनल
- रॉयल न्यूज़ (वेबसाइट)
- इंडिया पब्लिक खबर (वेबसाइट)
शैक्षणिक योग्यता
उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं (12th Pass) तक पूरी की है। दो दशकों से अधिक समय से हापुड़ जिले में लगातार सक्रिय रहने के कारण क्षेत्र की सामाजिक, प्रशासनिक और राजनीतिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव बहुत गहरा है।
