गुरसराय में थाना गुरसराय मिशन शक्ति टीम द्वारा गुरुवार को कस्बे के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 100 से अधिक छात्राओं एवं अध्यापिकाओं को महिला सुरक्षा, स्वावलंबन, साइबर अपराधों से बचाव तथा सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ उप निरीक्षक महेंद्र सिंह भदोरिया, महिला आरक्षी सुचित सिंह, महिला आरक्षी प्रिया देवी एवं महिला आरक्षी अंशी गोंड विद्यालय पहुंचे और मिशन शक्ति फेज 5.0 के द्वितीय चरण के तहत छात्राओं को सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। पुलिस टीम ने महिलाओं और बच्चों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए विधवा पेंशन योजना, मुख्यमंत्री सुमंगला योजना, बाल कल्याण योजनाएं तथा बाल मजदूरी रोकथाम संबंधी प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की।

इस दौरान छात्राओं को महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों की उपयोगिता भी बताई गई। पुलिस टीम ने 1090 वूमेन पावर लाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1930 साइबर अपराध हेल्पलाइन, 108 एंबुलेंस सेवा तथा 112 पुलिस आपातकालीन सेवा के बारे में जानकारी देते हुए आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता लेने की अपील की।

कार्यक्रम में साइबर अपराधों पर विशेष फोकस रखा गया। छात्राओं को डिजिटल अरेस्ट, साइबर फ्रॉड, फर्जी कॉल, अनचाहे लिंक और ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताए गए। पुलिस टीम ने इंटरनेट और सोशल मीडिया का सतर्कता के साथ उपयोग करने की सलाह देते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने का आह्वान किया।

इसके साथ ही सड़क सुरक्षा को लेकर “नो हेलमेट, नो फ्यूल” अभियान की जानकारी दी गई और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं एवं अध्यापिकाओं को जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए।

गुरसराय में आयोजित यह जागरूकता कार्यक्रम छात्राओं को सुरक्षा, स्वावलंबन और साइबर अपराधों के प्रति सतर्क बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story